नागपुर: नागपुर महानगर पालिका आयुक्त श्रावण हार्डीकर ने महानगर पालिका चुनाव से सम्बंधित सारे विवरण नागरिकों के लिए जारी किए। इसमें चुनाव कार्यक्रम, मतदाता सूची, सीटों की संख्या, आरक्षण की स्थिति, प्रभाग संरचना और मतदाताओं की संख्या शामिल है।
चुनाव कार्यक्रम
मनपा चुनाव की अधिसूचना 27 जनवरी को जारी की जाएगी और इसी दिन समाचार पत्रों में इसे प्रकाशित भी किया जाएगा।
27 जनवरी 2017 की सुबह 11 बजे से लेकर 3 फरवरी 2017 को दोपहर 2 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन सिर्फ राज्य चुनाव आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर ही किए जाने हैं। नामांकन भरे जाने की अवधि में प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। रविवार 29 जनवरी को नामांकन स्वीकार नहीं होंगे।
4 फरवरी को नामांकन पत्रों की जाँच होगी। उसी दिन जाँच के बाद वैध उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे। 7 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 8 फरवरी को सुबह 11 बजे से चुनाव चिन्हों का वितरण शुरु होगा। उसी रोज उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी और मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन होगा।
21 फरवरी को सुबह साढ़े सात बजे से शाम साढ़े पाँच बजे तक मतदान होगा। 23 फरवरी को सुबह 10 बजे से मतगणना आरंभ होगी।
चार लाख तक चुनाव खर्च की मर्यादा
निर्वाचन आयोग ने चुनाव खर्च की मर्यादा उम्मीदवारों के लिए तय कर दी है। प्रत्येक उम्मीदवार सिर्फ 4 लाख रूपए ही खर्च कर सकेगा। नामांकन करते समय जमानत राशि के तौर पर सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को पाँच हजार रूपए और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को ढाई हजार रूपए जमा करना अनिवार्य है। सामान्य सीट पर चुनाव लड़ रही महिलाओं के लिए भी जमानत राशि 5 हजार रूपए है। अपने लिए आरक्षित सीट पर चुनाव लड़ने वाली महिलाओं को ढाई हजार रूपए देना होगा।
सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को चुनाव के लिए नए बैंक अकाउंट खोलना होगा और इसी अकाउंट के जरिए चुनाव खर्च का विवरण देना होगा। उम्मीदवारों को अपने प्रतिज्ञा पत्र में उक्त अकाउंट का सारा विवरण अनिवार्यतः देना है। चुनाव आयोग यदि तय सीमा से ज्यादा उम्मीदवार को खर्च करते पाएगा तो उस पर जरूरी कार्रवाई करेगा। उम्मीदवार द्वारा ‘पेड न्यूज़’ का प्रयोग किए जाने की जानकारी यदि चुनाव आयोग की निर्दिष्ट में आएगी तो उक्त खर्च को उम्मीदवार के चुनाव खर्च में जोड़ा जाएगा।
मतदाता सूची और प्रभाग
विधानसभावार मतदाता सूची मनपा के जोन कार्यालयों में 17 जनवरी तक प्रदर्शित रहेगी। इसके बाद मतदाता सूची इस वेबसाइट पर भी मौजूद रहेगी। वेबसाइट पर सूची अभी भी मौजूद है। क्योंकि इस बार मनपा चुनाव प्रभागवार पद्धति से हो रहे हैं, इसलिए मतदाता सूची भी प्रभागवार तरीके से तैयार की गई है। कुल 38 प्रभाग होंगे, इनमें से 37 प्रभाग से दो पुरुष और दो महिला उम्मीदवार तथा प्रभाग 38 से दो महिला और एक पुरुष उम्मीदवार जीतकर नगरसेवक बनेंगे। कुल 151 नगरसेवक चुने जाएंगे। इन्हें चुनने के लिए 20 लाख 93 हजार 391 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 10 लाख 70 हजार 878 पुरुष मतदाता होंगे और 10 लाख 22 हजार 500 महिला मतदाता होंगी। इस बार 63 तृतीय पंथी मतदाताओं ने भी अपना नाम पंजीकृत कराया है।
आरक्षण
151 में से 30 सीट अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए, 12 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए तथा 41 अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। इस बार महानगर पालिका में पचास फीसदी महिला नगर सेवक चुनी जाएंगी, क्योंकि हर प्रभाग में महिलाओं के लिए दो सीट आरक्षित है, जबकि 34 ऐसी सीटें हैं जहाँ से महिला या पुरुष कोई भी चुनाव लड़ सकता है।
नामांकन
एक व्यक्ति चाहे तो चार अलग-अलग प्रभाग से चुनाव लड़ सकेगा। हर प्रभाग से उसे अलग-अलग नामांकन भरना होगा और जमानत राशि जमा करानी होगी।
मतदान बटन के रंग
ई वी एम मशीन में ‘अ’ सीट के लिए सफ़ेद रंग का बटन । ‘ब’ सीट के लिए हल्के गुलाबी रंग का बटन । ‘स’ सीट के लिए हल्के पीले रंग का बटन और ‘ड’ सीट के लिए हल्के नीले रंग होगा।
मतदान केंद्र
इस मनपा चुनाव में 28 सौ मतदान केंद्र होंगे और प्रत्येक केंद्र में 600-650 मतदाताओं को मतदान की सुविधा उपलब्ध होगी। मतदान निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए कुल 15 हजार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की जरूरत पड़ेगी।
पेपर लीक पर सख्त कानून, ठाकरे बंधुओं पर तंज #Bawankule #NagpurNews #PoliticalNews...
नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में चोरी
हुड़केश्वर पुलिस की कस्टडी से कुख्यात चोर फरार #nagpurnews #crimenews #accused #newsupdate
नागपुर में दिव्यांगजनों को मिला नया सहारा #HyundaiMobisIndia #DisabilitySupport #NGO #NagpurNews
उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर नागपुर में भव्य महाआरती #UddhavThackeray #nagpurnews #news...
सात किलो गांजा, तीन आरोपी गिरफ्तार





