Published On : Sat, Mar 4th, 2017

संजय महाकालकर होंगे मनपा में ढाई साल के लिए नेता प्रतिपक्ष

Advertisement


नागपुर:
कई दिनों के असमंजस के बाद शनिवार को अंततः कांग्रेस पार्टी ने नागपुर महानगर पालिका में पार्षद संजय महाकालकर की दल नेता के रुप में नियुक्ति की घोषणा की। इस घोषणा से स्पष्ट हो गया है कि श्री महाकालकर ही मनपा में नेता प्रतिपक्ष होंगे।

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति की ओर से विजय देशमुख और आरिफ नसीम खान को बतौर पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। इन दोनों पदाधिकारियों पर ही कांग्रेस दल नेता चुनने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। दोनों पर्यवेक्षक शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास ठाकरे के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार, अभिजीत वंजारी के साथ अन्य सभी कांग्रेस के पदाधिकारियों से मिले। नागपुर मनपा में इस बार 29 कांग्रेस नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं। सभी नगरसेवक के नाम पर इस दौरान चर्चा हुई और अंततः संजय महाकालकर के नाम पर सहमति बनी।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति की ओर से नागपुर विभागीय आयुक्त को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि संजय महाकालकर ढाई वर्ष के लिए मनपा में कांग्रेस दल के नेता नियुक्त किए जाते हैं।


गार्गी चोपड़ा को मनाएंगे : विकास ठाकरे
नागपुर शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे ने नवनिर्वाचित नगरसेविका गार्गी चोपड़ा के त्यागपत्र पर कहा कि उन्हें इस्तीफा वापस लेने के लिए मनाया जाएगा। श्री ठाकरे ने कहा कि वह स्वयं गार्गी चोपड़ा से मिलने उनके घर जा रहे हैं और उनसे इस्तीफा वापस लेने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि गार्गी चोपड़ा उनके अनुरोध को ख़ारिज नहीं करेंगी।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.