Published On : Sun, Dec 10th, 2023
By Nagpur Today Nagpur News

नमो महारोजगार मेले में 11 हजार 097 युवाओं को मिली नौकरी

Advertisement

नागपुर: नमो महारोजगार मेले में कुल साक्षात्कार किए गए युवाओं में से 11 हजार 097 युवाओं को जॉब ऑफर लेटर दिये गये हैं। माननीय उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने कहा कि, यह देश में एक रिकॉर्ड स्थापित करने वाला रोजगार मेला है। रोजगार मेले के समापन कार्यक्रम में युवाओं को सिंगल क्लिक के माध्यम से जॉब ऑफर लेटर भेजे गये।

इस अवसर पर रोजगार, कौशल, उद्यमिता एवं नवप्रवर्तन विभाग मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक प्रसाद लाड, विधायक प्रवीण दटके, भाजुयूमो नेता शिवानी दानी, निधि कामदार, पूर्व नगरसेवक संदीप गवई, पूर्व नगरसेवक बाल्या बोरकर, कौशल विकास विभागीय आयुक्त, रोजगार एवं उद्यमिता आयुक्तालय, डाॅ. रामास्वामी एन. (बी.पी.एस.), व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण संचालनालय के संभागीय निदेशक श्री. दिगंबर दलवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

नागपुर में नमो महारोजगार मेले में दो दिनों में कुल 67 हजार 378 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था, इसमें कुल 552 कंपनियों ने हिस्सा लिया। इन दो दिनों में कुल 38511 युवाओं ने भाग लिया। इनमें से 32831 युवाओं का साक्षात्कार लिया गया। इस साक्षात्कार के बाद करीब ग्यारह हजार 97 युवाओं को प्रारंभिक तौर पर जॉब ऑफर लेटर दिये गये। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस जी ने मेले में शामिल सभी कंपनियों को भी धन्यवाद दिया।

Advertisement

उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने कहा कि, यह आयोजन अत्यधिक सफल रहा है और इसमें विभिन्न क्षेत्रों की कई कंपनियों ने हिस्सा लिया।

इस मेले को प्रत्याशी युवाओं से मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट है कि रोजगार की कोई कमी नहीं है, नियोक्ताओं की कोई कमी नहीं है, इस मंच ने दोनों को जोड़कर यह सिद्ध कर दिया। इस मेले में कई स्टार्टअप्स ने हिस्सा लिया। स्टार्टअप के मामले में महाराष्ट्र नंबर 1 स्थान पर है। विशेष रूप से, कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप्स की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने बताया कि, अब नौकरी चाहने वाले सभी युवाओं को उद्यमियों और कंपनियों के साथ जोड़ने पर ध्यान देने की जरूरत है जो उनके लिए उपयुक्त रोजगार प्रदान करेंगे।

इससे पहले कौशल विकास विभाग के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा जी ने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए तैयारी एवं मेहनत करने वाले सभी लोगों को बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से इस महारोज़गार मेले के महाराष्ट्र समन्वयक के रूप में शिवानी ताई दानी को नियुक्त करने की भी सिफारिश की।

सभा में उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस द्वारा मेले में नौकरीप्राप्त युवक-युवतियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभा में रोजगार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाने वाली कंपनियों, उद्यमियों और स्टार्टअप के प्रतिनिधियों को भी इस अवसर पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस सभा में शामिल युवाओं में काफी उत्साह था। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने इस सभा के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को भी सादर धन्यवाद दिया और सराहना की।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.