Published On : Thu, Nov 19th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

पैसों के विवाद में युवक की संदिग्ध मौत, अपहरण कर मारपीट का आरोप

Advertisement

दुकान से कार में जबरन बैठाकर ले जाने और बेरहमी से पिटाई किए जाने का आरोप; हत्या हुई या नहीं, इस पर सस्पेंस बरकरार

हुड़केश्वर पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पैसों के विवाद में युवक की संदिग्ध मौत, अपहरण कर मारपीट का आरोपनागपुर टुडे | नागपुर: हुड़केश्वर पुलिस थाना क्षेत्र में पैसों के विवाद के बाद एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग युवक को उसकी दुकान से जबरन कार में बैठाकर ले गए और रास्ते में उसके साथ मारपीट की। बाद में उसे पांजरी टोल नाके के पास बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। हालांकि, युवक की मौत मारपीट के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आने की संभावना है।

मृतक की पहचान शुभम (30) के रूप में हुई है। वह दिघोरी नाका परिसर में दुकान चलाता था और ऑनलाइन फॉर्म भरने का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुभम पर कुछ लोगों से नौकरी लगाने का झांसा देकर पैसे लेने के आरोप हैं। इसी सिलसिले में एक युवती ने भी उसे नौकरी दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये दिए थे। नौकरी नहीं लगने और पैसे वापस नहीं मिलने पर युवती ने यह बात अपने मुंहबोले भाई को बताई थी।

बताया जाता है कि मंगलवार रात करीब 9 बजे युवती, उसकी सहेली, मुंहबोला भाई और उसके कुछ साथी कार से शुभम की दुकान पर पहुंचे। वहां पैसों को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान शुभम के साथ मारपीट की गई और उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाया गया। कार में भी उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इसी दौरान शुभम बेहोश हो गया।

Advertisement

इसके बाद उसे रिंग रोड के रास्ते पांजरी टोल नाके के पास ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे कार से नीचे उतारकर छोड़ दिया गया और सभी लोग चले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वे दोबारा उसी रास्ते से गुजरे, तो शुभम उसी स्थान पर बेहोशी की हालत में मिला। इसके बाद उसे कार में डालकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की जानकारी मेडिकल पुलिस चौकी के कर्मचारियों ने हुड़केश्वर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल और घटनास्थल से प्राथमिक जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी।

पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि शुभम के साथ वास्तव में मारपीट हुई थी या नहीं, उसकी मौत किस वजह से हुई और मामले में हत्या का अपराध बनता है या नहीं। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।

युवक की संदिग्ध मौत और मारपीट के आरोपों के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले हत्या की पुष्टि करना जल्दबाजी होगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.