Published On : Thu, Feb 9th, 2017

साइको हमलावर से नहीं अफवाहों से डर रहीं नागपुर की महिलाएं

Advertisement


नागपुर:
नागपुर में साइको हमलावर से जुड़ी तरह-तरह की अफवाह अब लोगों में दहशत फैला रही हैं। इस सिलसिले में नागपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें क्योंकि फरवरी माह में इस तरह की कोई भी वारदात सामने नहीं आई है।

जोन 4 के डी सी पी रविन्द्रसिंह परदेसी ने नागपुर टुडे से बात करते हुए बताया कि लोगों को अफवाह से बचना चाहिए। उन्होंने कहा की नागपुर की महिलाएं साइको हमलावर से नहीं बल्कि अफवाह से डर रही हैं।

गुरुवार सुबह भी ऐसी ही एक अफवाह उड़ी कि इमामवाडा पुलिस थाना अंतर्गत टीबी वार्ड चौराहे पर साइको ने फिर एक युवती पर हमला किया है। हालांकि पुलिस ने इस खबर का खंडन करते हुए इस घटना को कोरी अफवाह बताया। आज सुबह करीब ८:३० बजे के आस पास टीबी वार्ड में मेडिकल स्टूडेंट पर किसी अज्ञात शख्स द्वारा हमला किए जाने की खबर जंगल में आग की तरह फैली। इस संबंध में नागपुर टुडे ने जब जोन 4 के डी सी पी रविन्द्रसिंह परदेसी से चर्चा की तो पता चला कि किसी अज्ञात शख्स का कुछ अपराधी तत्व पीछा कर रहे थे और यह शख्स खुद की जान बचाते हुए भाग रहा था। टीबी वार्ड का सिग्नल रेड था जिसमे वह भागने वाला शख्स फंस गया था, भागने के चक्कर में उसने हवा में चाक़ू लहराया और वह चाक़ू की खरोंच सिग्नल पर खड़ी युवती को मामूली तौर पर लगी, क्योंकि युवती मेडिकल स्टूडेंट है सो वह सीधे मेडिकल कॉलेज अस्पताल गयी और वहां अपने मित्रों, सहपाठियों, शिक्षकों से चर्चा की और जब सभी ने उसे एक ही सलाह दी तो वह खुद चलकर सुबह करीब 11.30 बजे इमामवाड़ा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने भारतीय दण्ड विधान की धारा 337 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

गौरतलब है कि जनवरी महीने में एक अज्ञात बाइक सवार व्यक्ति द्वारा शहर की छह महिलाओं को चाकू मारकर घायल किए जाने की वारदात हुई है। मीडिया ने इस अज्ञात हमलावर को ‘साइको’ करार दिया है, इस तरह साइको हमलावर के नाम से तरह-तरह की अफवाह शहर में फैलायी जा रही हैं। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सबूत लगे हैं कि शीघ्र ही उस हमलावर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्राइम ब्रांच ने उस संदिग्ध हमलावर का एक स्केच भी जारी किया है।

डीसीपी रविंद्रसिंह परदेसी

डीसीपी रविंद्रसिंह परदेसी ने बताया कि पुलिस के बंदोबस्त के चलते फरवरी माह में उस अज्ञात हमलावर द्वारा एक भी वारदात अंजाम नहीं दिया जा सका है। उन्होंने कहा कि किसी को भी उस हमलावर से डरने या घबराने की जरुरत नहीं है। विशेष जांच दाल पुलिस की ओर से बनाए गए हैं और वे बहुत मुस्तैदी से अपने काम पर लगे हुए हैं।

Advertisement

नागपुर शहर पुलिस और नागपुर टुडे की ओर से बार-बार शहरवासियों से गुजारिश की जा रही है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। न पैनिक करें। न दूसरों को डराएं। पुलिस इस अपराधी को सलाखों के पीछे पहुँचाने के लिए कमर कस चुकी है और बहुत जल्द यह साइको हमलवार पुलिस की गिरफ्त में होगा।

– रविकांत कांबळे

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.