Published On : Wed, Oct 14th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर: वाड़ी फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, वरिष्ठ पत्रकार मिलिंद गायधने की मौत

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गई जान; दो अन्य घायल, बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
Advertisement

नागपुर: वाड़ी फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, वरिष्ठ पत्रकार मिलिंद गायधने की मौत

नागपुर : नागपुर के वाड़ी थाना क्षेत्र में अमरावती रोड स्थित वाड़ी फ्लाईओवर पर मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार मिलिंद काशीनाथ गायधने की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं। इस दुर्घटना में एक कार को भी नुकसान पहुंचा है। वाड़ी पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लकड़गंज निवासी 35 वर्षीय आदित्य दीपक खंडेलवाल मंगलवार रात अपने परिवार के साथ एमजी विंडसर कार (क्रमांक MH-49-CL-5662) से गरबा खेलने के लिए अमरावती रोड की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान वाड़ी फ्लाईओवर पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक (क्रमांक MH-49-CV-3300) के चालक ने आगे चल रही दूसरी बाइक (क्रमांक MH-30-Q-3635) को टक्कर मार दी। इस बाइक को वरिष्ठ पत्रकार मिलिंद काशीनाथ गायधने चला रहे थे।

Advertisement

हादसे में तीन लोग घायल, कार भी क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिलिंद गायधने गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक चालक ने शिकायतकर्ता की कार को भी पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार को नुकसान पहुंचा। हादसे के दौरान बाइक चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी गिरकर घायल हो गए।

तीनों घायलों को उपचार के लिए लक्ष हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मिलिंद गायधने की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनके परिजन उन्हें आगे के उपचार के लिए रामदासपेठ स्थित एआरआईएस हॉस्पिटल ले गए। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

वाड़ी पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला

मिलिंद गायधने की मौत के बाद अस्पताल से डेथ एमएलसी की सूचना सीताबर्डी पुलिस थाने के माध्यम से प्राप्त हुई। शिकायत के आधार पर वाड़ी पुलिस ने बाइक चालक आश्रय डागा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

पत्रकारिता जगत में शोक

वरिष्ठ पत्रकार मिलिंद गायधने ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। समाचार संकलन, संपादन और सामाजिक मुद्दों पर वैचारिक लेखन के माध्यम से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।

उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। सहकर्मियों और परिचितों ने उनके योगदान को याद करते हुए दुख व्यक्त किया है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.