Published On : Wed, Oct 7th, 2020

नागपुर यूनिवर्सिटी : अनेक परेशानियों के बीच कल 8 अक्टूबर से शुरू होगी अंतिम सत्र की परीक्षा

Advertisement

नागपुर– नागपुर यूनिवर्सिटी की अंतिम सत्र की परीक्षाएं 8 अक्टूबर से शुरू हो रही हैं. परीक्षा को एक ही दिन बचा है, लेकिन विद्यार्थियों की एप से संबंधित शिकायतें खत्म नहीं हो रही हैं.वहीं, यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किए गए हॉल टिकट में भी नाम-मोबाइल नंबर गलत होने, विषय बदल जाने जैसी अनेक समस्याएं हैं. इधर परीक्षा विभाग का दावा है कि वे लगातार एप अपडेट करके समस्याएं हल करने का प्रयास कर रहे हैं.

ऐसे में विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर रोज प्ले स्टोर से एप के अपडेट डाउनलोड करते रहें, इसी से उनकी एप की समस्या हल होगी. वहीं हॉल टिकट में दुरुस्ती कराने के लिए विद्यार्थियों को अपने कॉलेज प्राचार्य या विभाग प्रमुख से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं. यूनिवर्सिटी ने प्रश्नोत्तरी जारी करके विद्यार्थियों के बहुत से प्रश्नों के उत्तर देने की कोशिश की है. यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों को बताया है कि प्राचार्यों द्वारा विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर अपडेट करने के बाद विद्यार्थियों को ओटीपी आएगा. विद्यार्थी नए नंबर से लॉग इन करके मॉक टेस्ट जरूर देकर देखें. मोबाइल नंबर अपडेट करने के बाद विद्यार्थी स्वयं भी वेबसाइट से हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं. विवि ने इसकी लिंक अपनी वेबसाइट पर डाल रखी है.

यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन परीक्षा से यदि विद्यार्थी किसी कारण से वंचित रह जाते हैं, तो उन्हें एक और मौका मिलेगा. ऑनलाइन परीक्षा खत्म होने के बाद अनुपस्थित विद्यार्थियों की ऑफलाइन परीक्षा पेन-पेपर मोड में होगी. इसका टाइमटेबल बाद में जारी होगा. हां, लेकिन एक बार ऑनलाइन परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों को दोबारा ऑफलाइन परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा.

यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों को आगाह किया है कि वे परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता न करें. परीक्षा के दौरान एप विद्यार्थियों की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग करता रहेगा और बैकग्राउंड एप पर भी नजर रखेगा. यूनिवर्सिटी का दावा है कि उनका सिस्टम ऐसे विद्यार्थियों को एक अलग श्रेणी में डाल देगा और यूनिवर्सिटी की विजिलेंस कमेटी ऐसे विद्यार्थियों पर उचित फैसला लेगी.

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.