Published On : Tue, Nov 17th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर पुलिस ने भोपाल से पकड़ा फर्जी न्यूज वसूली गैंग

Advertisement

Auto Draft

नागपुर: पत्रकारिता की आड़ में सरपंचों और ग्रामसेवकों से कथित तौर पर वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का नागपुर ग्रामीण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ‘दैनिक श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम का इस्तेमाल कर यह गिरोह देश के आठ राज्यों के ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को निशाना बना रहा था। गिरोह की महिलाएं फोन कर विज्ञापन के नाम पर पैसों की मांग करती थीं और रकम देने से इनकार करने पर ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार की खबरें प्रकाशित कर बदनाम करने की धमकी देती थीं।

नागपुर ग्रामीण पुलिस ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क को भोपाल में तीन अलग-अलग कॉल सेंटरों के माध्यम से संचालित किया जा रहा था, जहां 35 लड़कियां वेतन पर काम कर रही थीं। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 618 रजिस्टर, 54 मोबाइल फोन, लैपटॉप और कंप्यूटर सहित कुल 7 लाख 29 हजार 260 रुपये का माल जब्त किया है।

इस मामले का खुलासा 8 नवंबर को लोहारी सावंगा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित जनप्रतिनिधियों की बैठक के दौरान हुआ। बैठक में महिला सरपंचों ने शिकायत की थी कि ‘श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम पर फोन कर उनसे विज्ञापन के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। रकम नहीं देने पर ग्राम पंचायत को बदनाम करने वाली खबरें प्रकाशित करने की धमकी दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद नरखेड़ पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Advertisement

स्वतंत्रता दिवस के विज्ञापन के नाम पर मांगे ₹3 हजार

पुलिस जांच में सामने आया कि 11 अगस्त से 6 नवंबर के बीच गिरोह की एक महिला खुद को दैनिक श्रेष्ठ न्यूज से जुड़ा बताकर सरपंचों और जनप्रतिनिधियों को फोन कर रही थी। स्वतंत्रता दिवस के शुभकामना विज्ञापन के नाम पर एक सरपंच से 3 हजार रुपये की मांग की गई। इसके लिए ऑनलाइन भुगतान का QR कोड भी भेजा गया था।

जब संबंधित सरपंच ने पैसे देने से इनकार किया तो उसे ग्राम पंचायत को बदनाम करने वाली खबर प्रकाशित करने की धमकी दी गई। इसी तरह जुनोना फुके की सरपंच प्रभा ओमप्रकाश गोतमारे से कथित तौर पर 500 रुपये ऑनलाइन वसूल किए गए।

भोपाल में तीन जगह चल रहे थे फर्जी कॉल सेंटर

तकनीकी जांच के आधार पर नागपुर ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा और साइबर टीम ने भोपाल में छापेमारी की। इस दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर कॉल सेंटर संचालित होने का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, हर्षवर्धन नगर स्थित कॉल सेंटर में 27 लड़कियां काम कर रही थीं, जबकि निशातपुरा और एमपी-1 नगर स्थित कॉल सेंटरों में चार-चार लड़कियां नियुक्त थीं। इस तरह कुल 35 लड़कियों को वेतन पर रखा गया था।

इनका काम अलग-अलग राज्यों के सरपंचों और ग्रामसेवकों को फोन करना, विज्ञापन के नाम पर पैसे मांगना और रकम नहीं मिलने पर कथित भ्रष्टाचार की खबरें प्रकाशित करने की धमकी देना था।

महापंचायत पोर्टल से जुटाई आठ राज्यों के सरपंचों की जानकारी

पुलिस जांच में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपियों ने महापंचायत पोर्टल के माध्यम से आठ राज्यों की ग्राम पंचायतों की जानकारी जुटाई थी। इसके बाद सरपंचों और ग्रामसेवकों के मोबाइल नंबरों के 618 रजिस्टर तैयार किए गए थे।

इस नेटवर्क के निशाने पर महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के ग्राम पंचायत प्रतिनिधि थे।

हर राज्य के लिए संबंधित भाषा जानने वाली लड़कियों को नियुक्त किया गया था, ताकि वे स्थानीय भाषा में बातचीत कर सरपंचों और ग्रामसेवकों को आसानी से अपने जाल में फंसा सकें।

मुख्य आरोपी समेत चार महिलाएं गिरफ्तार

इस मामले में नागपुर ग्रामीण पुलिस ने मोनिका लालसिंग सूर्यवंशी, नेहा लालसिंग सूर्यवंशी, अक्षरा मिलिंद अरक और कोमल मोहन मोरे को गिरफ्तार किया है। चारों को भोपाल से हिरासत में लिया गया। ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया के बाद उन्हें नागपुर लाया जाना था।

54 मोबाइल फोन और 618 रजिस्टर जब्त

पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 54 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो कंप्यूटर और एक प्रिंटर जब्त किया है। इसके अलावा सरपंचों और ग्रामसेवकों के मोबाइल नंबरों वाले 618 रजिस्टर, दैनिक श्रेष्ठ न्यूज के नाम से छपे पॉकेट और पर्चे, यस बैंक के स्कैनर वाली रसीदें तथा चेकबुक भी बरामद की गई हैं।

जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 लाख 29 हजार 260 रुपये बताई गई है।

फिलहाल नागपुर ग्रामीण पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आठ राज्यों में इस गिरोह ने अब तक कितने सरपंचों और ग्रामसेवकों को निशाना बनाया और कुल कितनी रकम की कथित वसूली की गई है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.