
नागपुर: शहर में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में पांचपावली पुलिस ने आधी रात आसीनगर इलाके में दबिश देकर MD ड्रग्स के साथ 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 ग्राम MD पाउडर, मोबाइल फोन और नकदी समेत एक लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया है। इस मामले में ड्रग्स सप्लाई करने के संदेह में ‘माया भाई’ नामक एक अन्य आरोपी की भी तलाश की जा रही है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की आधी रात दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसीनगर निवासी साहिल अहमद फहीम उद्दीन मलिक के रूप में हुई है। बीती रात पांचपावली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आसीनगर स्थित सलीम स्पोर्ट्स ग्राउंड में नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस की डीबी टीम ने मौके पर दबिश दी। दो पंचों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 16 ग्राम MD पाउडर बरामद हुआ।
‘माया भाई’ की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के पास से MD ड्रग्स के अलावा मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जांच के दौरान सोहेल मलिक उर्फ माया भाई, निवासी टेकावस्ती, का नाम सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि उसी ने आरोपी को MD ड्रग्स उपलब्ध कराई थी। फिलहाल पांचपावली पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के साथ ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।



