Published On : Fri, Sep 28th, 2018

शहर में फिर सक्रीय हुई चोरों की आंध्रा गैंग

Advertisement

नागपुर: क्राइम ब्रांच की यूनिट 3 ने गोपनीय जानकारी के आधार पर आंध्रा की गैंग को गिरफ्तार किया है. उनसे चोरी का मामला उजागर हुआ है. अन्य मामले भी उजागर होने का संदेह है. बुधवार की रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस दस्ते को जानकारी मिली कि कुछ असामाजिक तत्व मंगलवारी काम्प्लेक्स के पीछे बाजार परिसर में अंधेरे में बैठे हैं. उनके पास हथियार भी हैं.

खबर मिलते ही पुलिस दस्ते ने वहां घेराबंदी करके छापा मारा और 7 लोगों को हिरासत में लिया. पकड़े गए आरोपियों में ईस्ट गोदावरी, अमलापुरम, आंध्रप्रदेश निवासी जी. दुर्गाप्रसाद वीरास्वामी (38), जे. नागराजू नागेश्वर राव (36), जी. सुब्बाराव रामलू (34), वी. डैनियल चिन्नपाई (36), टी. राम येरास्वामी (25), वी. गोपी शशिनारायण (20) और येल्लूर निवासी जी. रामबाबू चिनय्या (30) का समावेश है. तलाशी लेने पर उनके पास लोहे की 3 सब्बल, 2 डंडे, चाकू, कटर और टार्च बरामद हुआ.

उनके खिलाफ सदर थाने में धारा 399 के तहत मामला दर्ज किया गया. डीसीपी संभाजी कदम और एसीपी संजीव कांबले के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर जग्वेंद्रसिंह राजपूत, एपीआई ज्ञानेश्वर भेदोड़कर, पीएसआई मंगला मोकाशे, हेड कांस्टेबल शत्रुघ्न कड़ू, शैलेश ठवरे, सुरेश हिंगणेकर, अनिल दुबे, श्याम कड़ू, अतुल दवंडे, मिलिंद नारसन्ने, फिरोज शेख, शरीफ शेख और अमोल पड़धन ने कार्रवाई को अंजाम दिया.

रात भर में खोद दिया बीएसएनएल का केबल
जांच के दौरान पुलिस दस्ते को आरोपियों के पास बड़े पैमाने पर कॉपर वायर के टुकड़े दिखाई दिए. पुलिस ने उनसे केबल के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि बीते मंगलवार की रात 12 बजे के दौरान सभी सिविल लाइन्स स्थित बीएसएनएल के कार्यालय के सामने पहुंचे. वहां सब्बल और पावड़ों की मदद से रात भर में लंबा गड्ढा खोद कर बीएसएनएल की अंडरग्राउंड केबल कटर से काटकर निकाल ली. जांच करने पर उनके पास 410 किलो कॉपर केबल बरामद हुई. बुधवार को इस संबंध में सीताबर्डी थाने में चोरी का मामला भी दर्ज हुआ था.

Advertisement

मेट्रो के मजदूर बनकर घूम रहे थे शहर में
सभी आरोपी आंध्रप्रदेश के गोदावरी जिले के रहने वाले हैं. इसके पहले केबल डालने का काम करने के लिए नागपुर आए थे. उन्हें अपने द्वारा डाले गए केबल की जानकारी थी. 5 दिन पहले आरोपी नागपुर आए. रेलवे स्टेशन के पास लॉज में रूम किराए पर लिया. लॉज वालों को मेट्रो के लेबर होने की जानकारी दी. आरोपियों को जानकारी थी कि शहर में मेट्रो, सीमेंट रोड और एनएचएआई के पुल का काम चल रहा है. वहां से लोहा आदि सामान चोरी करने की फिराक में थे. बीएसएनएल कार्यालय के सामने ही आरोपियों ने गड्ढा खोदकर केबल काट ली. लोगों को लगा कि वो बीएसएनएल के ही मजदूर हैं. इस तरह आरोपियों ने और भी स्थानों पर चोरी की है. पुलिस जांच कर रही है.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.