Published On : Wed, Jan 11th, 2017

नागपुर मनपा के चुनाव 21 फरवरी को, गणना 23 को

Advertisement

election-commission-pc

नागपुर: महाराष्ट्र की उपराजधानी के मतदाता नव-सृजित प्रभाग रचना की तहत 21 फरवरी को नागपुर महानगर पालिका के लिए 151 नगरसेवकों का चुनाव करेंगे। 23 फरवरी को मतगणना होगी। इसी महीने की 27 जनवरी से चुनाव नामांकन प्रक्रिया शुरु हो जाएगी। राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त जे. एस. सहारिया ने आज नागपुर समेत दस महानगर पालिकाओं और पच्चीस जिला परिषदों के चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। फ़िलहाल नागपुर जिला परिषद के चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, क्योंकि नागपुर जिला परिषद से सम्बंधित एक याचिका उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ में विचाराधीन है।

मनपा चुनाव के लिए संशोधित मतदाता सूची तैयार
नागपुर महानगर पालिका चुनाव के मद्देनजर संशोधित मतदाता सूची तैयार है। नई प्रभाग रचना के अनुसार ये मतदाता सूची तैयार की गई हैं। नई व्यवस्था के अनुसार 38 प्रभाग होंगे। इनमें से 37 प्रभाग में चार नगरसेवक (दो महिला और दो पुरुष) और एक प्रभाग में तीन नगरसेवक ( दो महिला और एक पुरुष) संशोधित मतदाता सूची में यदि किसी प्रकार के सुधार की गुंजाइश हो तो मतदाता 12 से 17 जनवरी के बीच नीचे दी गई तारीखों पर अपने प्रभाग क्षेत्र के जोन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। मतदाता सूची वेबसाइट www.nmcelection2017.org और localbodyvoterlist.maharashtra.gov.in पर उपलब्ध है।

प्रभाग 36, 37, 38 के मतदाता लक्ष्मीनगर जोन से। प्रभाग 12, 13, 14, 15 के मतदाता धरमपेठ जोन से। प्रभाग 29, 31, 32, 34 के मतदाता हनुमान नगर जोन से। प्रभाग 16, 17, 33, 35 के मतदाता धंतोली जोन से। प्रभाग 26, 27, 28, 30 के मतदाता नेहरु नगर जोन से। प्रभाग 8, 18, 19, 20 के मतदाता गांधीबाग जोन से। प्रभाग 3, 4, 5, 21 के मतदाता सतरंजीपुर जोन से। प्रभाग 22, 23, 24, 25 के मतदाता लकड़गंज जोन से। प्रभाग 2, 6, 7 के मतदाता आशी नगर जोन से। प्रभाग 1, 9, 10, 11 के मतदाता मंगलवारी जोन से संपर्क कर सकते हैं।

वर्तमान मनपा 145 सदस्यीय है, अगली 151 सदस्यों वाली होगी
नागपुर महानगर पालिका में फ़िलहाल 145 नगरसेवक हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 63 नगरसेवक भारतीय जनता पार्टी के हैं। कांग्रेस के 41, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 6-6, बहुजन समाज पार्टी के 12, महाराष्ट्र नव-निर्माण सेना के 2, मुस्लिम लीग के 2 और 13 निर्दलीय नगरसेवक शामिल हैं। इस बार के चुनाव प्रभाग पद्धति के अनुसार हो रहे हैं इसलिए महानगर पालिका में अब नगरसेवकों की संख्या 151 हो जाएगी।

राज्य चुनाव आयुक्त की घोषणा के अनुसार नागपुर के आलावा मुंबई, ठाणे, पुणे, पिम्परी-चिंचवड़, उल्हासनगर, नाशिक, अकोला, अमरावती और सोलापुर महानगर पालिकाओं के चुनाव 21 फरवरी को होंगे।

जिला परिषद चुनाव दो चरण में
जलगांव, अहमदनगर, बुलढाणा, यवतमाल, औरंगाबाद, जालना, परभणी, हिंगोली, बीड़, नांदेड़, उस्मानाबाद, लातूर, वर्धा, गढ़चिरोली तथा चंद्रपुर जिला परिषदों के चुनाव 16 फरवरी को होंगे।

रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधदुर्ग, पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, नाशिक और अमरावती जिला परिषदों के चुनाव, महानगर पालिका के चुनाव के साथ 21 फरवरी को ही होंगे और इन सभी जगहों पर मतगणना भी 23 फरवरी को ही होगी।

नागपुर जिला परिषद के चुनाव क्यों टाले
नागपुर जिला परिषद के अंतर्गत परशिवनी और वानाडोंगरी जिला परिषद क्षेत्र थे, लेकिन हाल ही राज्य सरकार ने परशिवनी को नगर परिषद और वानाडोंगरी को नगर पंचायत घोषित किया। उच्च न्यायालय में सरकार की इस घोषणा को चुनौती दी गई है। याचिकर्ता का कहना है कि कार्यकाल खत्म हो रही स्थानीय निकाय की किसी भी संस्था के स्वरूप परिवर्तन की घोषणा कम से कम छह महीने पहले की जानी चाहिए, लेकिन राज्य सरकार ने इस विधान का उल्लंघन किया है। क्योंकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है इसलिए अभी नागपुर जिला परिषद के चुनाव स्थगित रखे गए हैं।