गुरुग्राम/नागपुर: Nagpur के रहने वाले 29 वर्षीय युवक की Gurugram में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवा की ओवरडोज़ के कारण हुई हो सकती है।
मृतक की पहचान रोहित लाल के रूप में हुई है, जो नई दिल्ली स्थित Quality Council of India में कार्यरत था और गुरुग्राम के सेक्टर 53 में किराए के पीजी फ्लैट में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ जब मृतक के एक सहकर्मी ने सूचना दी। सहकर्मी ने बताया कि वे रोज साथ में ऑफिस जाते थे, लेकिन उस दिन रोहित ने न तो फोन उठाया और न ही कमरे का दरवाजा खोला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई, जहां युवक बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को दवाओं और हेल्थ सप्लीमेंट्स के रैपर भी मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहित ने अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन उसके आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को संदेह है कि उसने यौन क्षमता बढ़ाने वाली दवा का सेवन किया था, जिसकी अधिक मात्रा लेने से दिल का दौरा पड़ा हो सकता है।
सेक्टर 53 थाना प्रभारी सतेंद्र रावल ने बताया कि शव के आंतरिक अंगों और बरामद दवाओं को जांच के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।








