
नागपुर: जिले के मडासावंगी गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुएं में करीब 40 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। कुएं के बाहर महिला की चप्पलें और एक छोटा बैग मिलने से मामला रहस्यमय हो गया है। पुलिस को बैग से वर्ष 2014 की सोने के गहने गिरवी रखने की एक रसीद मिली है। इस पर दर्ज नाम के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, महिला की उम्र करीब 40 वर्ष आंकी गई है। घटनास्थल पर कुएं के बाहर उसकी चप्पलें और एक बैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को वर्ष 2014 की एक रसीद मिली, जो सोने के गहने गिरवी रखने से संबंधित बताई जा रही है।
रसीद पर वंदना सुनील पाटील का नाम
पुलिस को मिली रसीद पर वंदना सुनील पाटील नाम दर्ज है। इसके अलावा रसीद पर इंदोरा स्थित हरडे ज्वेलर्स का भी उल्लेख है। पुलिस इस दस्तावेज को महत्वपूर्ण सुराग मानकर महिला की पहचान करने की दिशा में जांच कर रही है। हालांकि, रसीद पर दर्ज नाम ही मृत महिला का है, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसा, आत्महत्या या साजिश? जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मोहपा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा व कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल महिला की पहचान और उसकी मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला कुएं में कैसे पहुंची? उसकी मौत दुर्घटनावश हुई, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? इन सवालों का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।



