
नागपुर – नागपुर के चंद्रनगर इलाके में कोजागिरी पूर्णिमा के लिए चंदा नहीं देने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चंदा नहीं देने से नाराज तीन आरोपियों ने एक 21 वर्षीय युवक के साथ पहले मारपीट की और फिर पत्थर से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में भांडेवाड़ी पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रनगर निवासी संघर्ष कुर्वे (21) पढ़ाई करता है। बस्ती में कोजागिरी पूर्णिमा मनाने के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा था। कुछ लोगों ने चंदा देने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर आरोपियों में नाराजगी थी।
बताया जाता है कि घटना की रात करीब 9.30 बजे आरोपी आवेश खान (25), चांगदेव कुबडे (50) और वेदांत गाडबैल (20) इलाके के एनआईटी गार्डन में बैठे थे। इस दौरान वे चर्चा कर रहे थे कि किन लोगों ने कोजागिरी के लिए चंदा नहीं दिया है। संघर्ष कुर्वे भी उसी गार्डन में मौजूद था। उसने भी चंदा नहीं दिया था।
इसी बात को लेकर आरोपियों और संघर्ष के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने संघर्ष के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पत्थर से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। हमले में संघर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भांडेवाड़ी पुलिस ने आवेश खान, चांगदेव कुबडे और वेदांत गाडबैल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



