
नागपुर: सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर को नागपुर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री कलगीधर सत्संग मंडल, जरीपटका की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा का यह 57वां वर्ष था। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के बीच निकली शोभायात्रा में विभिन्न धर्मों और समुदायों के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर ‘वाहे गुरु नानक देव’, ‘धन गुरु नानक देव’, ‘सारा जग तरिया’ और ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठा। आकर्षक रथ पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सुसज्जित बीड़ विराजमान थी। इसके पीछे विभिन्न गुरुओं के जीवन और उपदेशों पर आधारित सुंदर झांकियां तथा लोकनृत्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
विभिन्न धर्मों के लोगों ने किया स्वागत
शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और नागरिकों ने झांकियों का स्वागत किया। लोगों ने मालाएं और शॉल अर्पित कर गुरु महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त की तथा नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए बूंदी, कचोरी, मसालेदार चना, फल, मिठाई, कड़ाह प्रसाद और चाय की व्यवस्था की गई थी। कई श्रद्धालुओं ने मार्ग पर पानी का छिड़काव कर रास्ते की सफाई भी की।
श्री गुरु नानक देव जी, गुरु अंगद देव, गुरु अमरदास, गुरु रामदास, गुरु अर्जन देव, गुरु हरगोबिंद साहिब, गुरु हरिराय साहिब, गुरु हरकृष्ण देव, गुरु तेग बहादुर और गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। इनके अलावा भगवान श्रीराम और मां भगवती की झांकियां भी सजाई गई थीं।
आठ घंटे तक शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरी शोभायात्रा
शोभायात्रा दोपहर 1 बजे मंडल परिसर से प्रारंभ हुई। इसके बाद दयानंद नगर चौक, कुकरेजा नगर, हुड़को कॉलोनी, मंगलवारी बाजार रोड, आहूजा नगर, भीम चौक, बाराखोली, इंदोरा चौक, मेकोसबाग और जरीपटका के विभिन्न मार्गों से होते हुए रात करीब 9 बजे मंडल परिसर में समाप्त हुई।
गुरबाणी और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश
समापन अवसर पर मंडल के संयोजक दादा माधवदास ममतानी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंडल का मुख्य उद्देश्य गुरबाणी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक रविवार सुबह 6 से 8:30 बजे और शाम 4 से 6:30 बजे तक सत्संग आयोजित किया जाता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सत्संग में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गुरसिख का नैतिक चरित्र अच्छा होना चाहिए और उसे बड़ों का सम्मान करना चाहिए। सभी को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
शोभायात्रा का समापन आरती, आनंद साहिब, ग्यारह गुरुओं और मां भगवती की स्तुति तथा प्रसाद वितरण के साथ हुआ। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा अन्य शहरों से भी श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। आयोजन से पहले मंडल परिसर से लगातार 14 दिनों तक प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
दादा माधवदास ममतानी ने कार्यक्रम की सफलता में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कई जनप्रतिनिधियों ने लिया आशीर्वाद
शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर विधायक डॉ. नितिन राऊत, विधायक डॉ. राजीव पोद्दार, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुनील केदार, नगरसेवक अतुल कोटेचा, प्रमिला मथरानी, जितेंद्र ठाकुर, प्रगति रोहित यादव, श्रीकांत अगलावे और विवेक निकोसे सहित जयप्रकाश गुप्ता, डॉ. विंकी रुघवानी, सुरेश जग्यासी, अनिल भारद्वाज और राजवंतपाल सिंह तुली सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।





