Published On : Tue, Oct 27th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर में बुजुर्ग से ₹50 हजार की बैग लिफ्टिंग

Advertisement

Auto Draft

नागपुर: शहर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बैग लिफ्टिंग की घटना सामने आई है। दीपक नगर स्थित नागभूमि सोसाइटी के रेडिएंट अपार्टमेंट परिसर में एक अज्ञात आरोपी 70 वर्षीय बुजुर्ग के हाथ से ₹50 हजार नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग छीनकर फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के लिए बुजुर्ग ने उसका पीछा किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वे गिर पड़े और आरोपी को पकड़ नहीं सके। घटना अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

बैंक से पेंशन के ₹1.50 लाख निकालकर लौटे थे

मिली जानकारी के अनुसार, ज्ञानेश्वर नाईक 26 अक्टूबर को फेडरल कॉलोनी स्थित इंडियन बैंक से अपने पेंशन खाते से ₹1.50 लाख निकालकर घर लौट रहे थे। उन्होंने ₹50 हजार एक बैग में रखे थे, जबकि बाकी रकम अपनी पैंट की जेब में रखी थी।

घर पहुंचने के बाद वे अपार्टमेंट परिसर में लिफ्ट के पास खड़े थे। इसी दौरान दुपहिया वाहन से आए एक अज्ञात आरोपी ने उनके हाथ से नकदी वाला बैग झपट लिया और तेजी से फरार हो गया।

Advertisement

बैग में नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज

बैग में ₹50 हजार नकद के अलावा बैंक की पासबुक, चेकबुक और पेंशन पेमेंट ऑर्डर बुक भी थी। वारदात के बाद बुजुर्ग ने आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वे गिर पड़े। इस दौरान आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद गिट्टीखदान पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका है कि आरोपी बैंक से ही बुजुर्ग का पीछा कर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.