Published On : Mon, Jun 26th, 2017

गुलमर्ग में 100 फीट नीचे गिरी केबल कार, नागपुर के 4 लोगों की मौत

Advertisement

गुलमर्ग/नागपुर: स्कीइंग के लिए मशहूर गुलमर्ग में रविवार को 100 फीट ऊंचाई से दो केबल कार गिर गईं। हादसे में नागपुर निवासी अंड्रसकर परिवार के चार सदस्यों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में जयंत अंड्रसकर (42), उनकी पत्नी मनीषा (38), पुत्री जाह्नवी (7) और अनघा (4) का समावेश है।

मूलत: नागपुर के जूना सुभेदार ले-आउट निवासी जयंत अपने परिवार के साथ फिलहाल दिल्ली में रह रहे थे। सात साल पहले उनका दिल्ली तबादला हुआ था। शनिवार व रविवार को अवकाश होने के कारण अंड्रसकर परिवार ने कश्मीर की वादियों की सैर करने की योजना बनाई थी। वे परिवार सहित शुक्रवार को ही दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुए थे।

जयंत के परिजनों ने बताया कि हादसे की खबर लगते ही वे नागपुर से गुलमर्ग जाने की तैयारी में थे। पर उसी समय उन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस का फोन आया कि उन्हें वहां आने की जरूरत नहीं है। सोमवार को शव हवाई जहाज से नागपुर भेज दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची केबल कार में 19 साल में यह पहला हादसा है।

मातम में बदली खुशियां

जयंत व उनका परिवार 8-10 दिन पहले ही नागपुर से दिल्ली गया था। दरअसल गत 20 मई को ही जयंत की पत्नी मनीषा के भाई सौरभ वांढरे की शादी हुई थी। जयंत का परिवार अभी इस शादी की खुशियों में ही मशगूल था। रविवार को सुबह करीब 9 बजे ही मनीषा ने अपने छोटे भाई सौरभ से फोन पर बात भी की। उस समय वह काफी खुश थी। 30 जून को जयंत पत्नी व बच्चों समेत फिर से नागपुर आने वाले थे। वहीं जयंत के भाई सतीश ने भी बताया कि जयंत, मनीषा व उनकी दोनों बेटियों का रोजाना ही फोन आता था। परिवार के सभी सदस्यों से बात भी करते थे। लेकिन विधि को कुछ ही और ही मंजूर था।

तार पर गिरे दो पेड़, 40 फीट तक उछलकर 100 फीट नीचे गिरी कार

स्की रिजॉर्ट आम दिनों की तरह ही सैलानियों से गुलजार था। देश-विदेश से आए सैलानी सुबह से ही दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची केबल कार सर्विस यानी गुलमर्ग गोंडोला का आनंद ले रहे थे। दोपहर बाद करीब 3 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ देर में बारिश तो रुक गई, लेकिन हवा की रफ्तार एकाएक काफी तेज हो गई। हवा तेज होने पर एहतियातन गोंडोला बंद कर देते हैं। लेकिन कुछ लोग बीच में थे। उनके दूसरे छोर पर पहुंचने तक गोंडोला चलाना जरूरी था। इसी बीच, दो बड़े पेड़ टूटकर फेज-1 के रोप-वे पर जा गिरे। झटके से तार एक टावर से नीचे झूल गया। लेकिन टूटा नहीं। केबल कारों के बोझ की वजह से पहले तार 30-40 फीट नीचे गया और फिर झटके से ऊपर उछला। दो बार ऐसे झटके लगते ही दो केबल कारों की पुलि तार से निकल गई। करीब 100 फुट की ऊंचाई से दोनों केबल कार पत्थरों पर जाकर गिरीं। एक में नागपुर के परिवार के चार लोग थे, जबकि दूसरी में पांच गाइड थे। सात लोग मारे गए। गोंडोला तुुरंत रोकना पड़ा। करीब 150 लोग फंस गए। हालांकि, इन्हें निकाल लिया गया।

Advertisement

13,780 फीट ऊपर ले जाती है 5 किमी लंबी केबल कार

गोंडोला सैलानियों को स्की रिजॉर्ट में समुद्र तल से 13,780 फीट की ऊंचाई तक पहुंचाता है। यह दुनिया का दूसरा सबसे ऊंचा केबल कार प्रोजेक्ट है। पहले नंबर पर वेनेजुएला की मेरिडा केबल कार है, जो 15,633 फीट ऊंचाई तक जाती है। गुलमर्ग गोंडोला का पहला फेज 1998 में शुरू हुआ था।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.