Published On : Tue, Aug 18th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर: रेडिसन ब्लू के पास बंद कोका-कोला फैक्ट्री में आग, जला हुआ अज्ञात शव मिलने से सनसनी

कचरे में लगी आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को मिला शव; हत्या के बाद शव जलाने की आशंका से जांच तेज
Advertisement

Auto Draft

नागपुर: रेडिसन ब्लू होटल के पास स्थित बंद पड़ी कोका-कोला फैक्ट्री में मंगलवार तड़के कचरे में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आग बुझाने पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम को फैक्ट्री के एक कमरे में जला हुआ अज्ञात शव मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रताप नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

कचरे में लगी आग, कमरे में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:15 बजे नागपुर अग्निशमन नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि रेडिसन ब्लू होटल के पास स्थित बंद कोका-कोला फैक्ट्री में कचरे में आग लगी है।

सूचना मिलते ही नरेंद्र नगर अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। आग पर काबू पाने के दौरान दमकल कर्मियों की नजर फैक्ट्री के एक कमरे में पड़े जले हुए शव पर पड़ी।

Advertisement

शव बुरी तरह जल चुका था, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव महिला का है या पुरुष का।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

शव मिलने की सूचना मिलते ही प्रताप नगर पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम की मदद से शव का पंचनामा किया गया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस अब शव की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही पिछले कुछ दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

हत्या के बाद शव जलाने की आशंका

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर जलाया तो नहीं गया। हालांकि, अभी हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। मौत का वास्तविक कारण और शव की पहचान पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

प्रताप नगर पुलिस ने अज्ञात शव का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के कारणों के साथ-साथ घटनास्थल पर शव पहुंचने की परिस्थितियों का भी पता लगा रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.