
नागपुर: नागपुर में कानून की पैरवी करने वाले एक वकील के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नागपुर सेंट्रल जेल में वकालतनामा दाखिल करने पहुंचे वकील के साथ एक जेल कर्मचारी ने पहले गाली-गलौज की और बाद में रास्ते में रोककर मारपीट की। वकील द्वारा मोबाइल से वीडियो बनाने पर आरोपी ने कथित तौर पर उनका गला और बाल पकड़कर मोबाइल छीनने की कोशिश की तथा हाथ में पहने कड़े से उनके माथे पर वार कर दिया। घायल वकील का मेडिकल अस्पताल में उपचार कराया गया। शिकायत के आधार पर धंतोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल में वकालतनामा दाखिल करने पहुंचे थे वकील
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविनगर निवासी शिकायतकर्ता गौरव वंजारी 27 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अपने साथी श्रीकांत निमजे के साथ नागपुर सेंट्रल जेल में वकालतनामा दाखिल करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद जेल कर्मचारी अमोल येवतकर ने शराब के नशे में गौरव के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जेल आने के समय को लेकर सवाल उठाए।
शंकर नगर चौक के पास रोककर मारपीट का आरोप
वकालतनामा दाखिल करने के बाद गौरव अपने साथी के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शंकर नगर चौक के पास आरोपी कथित तौर पर दोपहिया वाहन से वहां पहुंचा और फिर से गाली-गलौज करने लगा।
गौरव ने जब मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपी ने पीछे से आकर उनका गला और बाल पकड़ लिए तथा मोबाइल छीनने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से गौरव के माथे पर वार कर उन्हें घायल कर दिया।
धंतोली पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद घायल गौरव को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। उनकी शिकायत पर धंतोली पुलिस ने जेल कर्मचारी अमोल येवतकर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



