नागपुर: नागपुर ट्रैफिक पुलिस की ई-चालान व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला एक ऐसे वाहन मालिक का है, जिसे अपनी बाइक के बजाय किसी स्कूटर का ई-चालान भेज दिया गया। हैरानी की बात यह है कि चालान में दिखाई गई स्कूटर की नंबर प्लेट पर वही नंबर दर्ज था, जो उनकी बाइक का है।
मामला अनिल गौतम का है, जिनके पास एवेंजर (Avenger) बाइक है। अनिल को व्हाट्सऐप पर ई-चालान का मैसेज मिला। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य चालान समझकर खोला, लेकिन अंदर की तस्वीर देखकर हैरान रह गए। चालान में उनकी एवेंजर बाइक की जगह एक स्कूटर की तस्वीर थी। स्कूटर पर दर्ज नंबर उनकी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से मेल खा रहा था।
अनिल के मुताबिक, वह पिछले तीन महीनों से नागपुर में भी नहीं हैं। इतना ही नहीं, उनकी बाइक भी इस दौरान नागपुर स्थित उनके घर पर मौजूद नहीं है। ऐसे में उनके मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर उनकी बाइक के नंबर पर किसी दूसरे स्कूटर का चालान कैसे जारी हो गया?
नंबर प्लेट एक, वाहन अलग! जिम्मेदार कौन?
इस घटना ने ई-चालान जारी करने की प्रक्रिया और वाहन की पहचान को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या चालान जारी करते समय वाहन की तस्वीर और रजिस्ट्रेशन नंबर का सही मिलान नहीं किया गया? या फिर किसी दूसरे वाहन पर गलत नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा है?
फिलहाल इस मामले में अनिल गौतम की ओर से सामने रखी गई जानकारी के आधार पर ई-चालान की सत्यता और वास्तविक वाहन की पहचान की जांच जरूरी है।
अगर एक ही नंबर पर दो अलग-अलग वाहनों की पहचान सामने आ रही है, तो यह सिर्फ एक गलत चालान का मामला नहीं, बल्कि वाहन मालिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है।
नागपुर ट्रैफिक पुलिस को इस मामले की जांच कर स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर एक एवेंजर बाइक के नंबर पर स्कूटर का ई-चालान कैसे जारी हुआ।
क्या आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है कि आपकी गाड़ी के बजाय किसी दूसरी गाड़ी का चालान आपके पास पहुंच गया हो?
नागपुर टुडे इस मामले में संबंधित ट्रैफिक विभाग का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित करेगा।
नंबर प्लेट एक, वाहन अलग! जिम्मेदार कौन?


