Published On : Tue, Jun 5th, 2018

छह-आठ जून के बीच महाराष्ट्र पहुंचेगा मॉनसून

Advertisement

नयी दिल्ली : मौसम विभाग ने अगले दो दिन में मॉनसून के महाराष्ट्र और गोवा पहुंचने की संभावना जतायी है। वहीं, मौसम पूर्वानुमान बताने वाली एक निजी कंपनी के मुताबिक इस सप्ताह के आखिर में इन हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक आठ से दस जून के मध्य पश्चिमी तट और खासकर मुंबई में बरसात के आसार हैं। सरकार ने कहा है कि मॉनसून गति पकड़ रहा है और केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण क्षेत्र और गोवा में सात जून से बारिश में तेजी आएगी। मौसम विभाग ने दस जून के बाद इन इलाकों में बाढ़ की आशंका जाहिर की है।

मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून अपने निर्धारित समय से तीन दिन पहले 29 मई को केरल पहुंच गया था और तमिलनाडु एवं बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य, उत्तर पूर्व और देश के उत्तर पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ चुका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि अगले दो-तीन दिन में दक्षिण पश्चिमी मॉनसून के दक्षिणी प्रायद्वीप, बंगाल की खाड़ी, असम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के शेष हिस्सों एवं मेघालय के कुछ हिस्सों के साथ पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे इलाकों में बढ़ने के लिए अनुकूल स्थिति बनने के आसार हैं।

Advertisement

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में सचिव एम राजीवन ने कहा कि मॉनसून के सात जून से ‘मजबूत’ होने के आसार हैं और इस कारण केरल, तटीय कर्नाटक, मुंबई और गोवा सहित कोंकण क्षेत्र में ‘भारी बारिश’ हो सकती है तथा 10 जून के बाद से बाढ़ की आशंका है।

स्काईमेट ने इस अवधि में मुंबई में भारी बारिश की पहली बौछार पड़ने की आशंका जतायी है। उसने लोगों को घरों के अंदर रहने का सुझाव दिया है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.