Published On : Fri, Jun 11th, 2021

मानसून ने दी दस्तक, विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, 3 दिन भारी बारिश

Advertisement

नागपुर: मानसून ने अब सिटी सहित पूरे विदर्भभर में दस्तक दे दी है. पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि इस बार मानसून नागपुर में 14 जून तक आएगा लेकिन 9 जून को मुंबई में मानसून ने दस्तक दी. अमूमन मुंबई में आने के बाद 24 से 48 घंटों में नागपुर में मानसूनी बारिश शुरू हो जाती है. 10 जून को सुबह से ही मानसूनी बादल आसमान में छाये रहे. देर शाम तक बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली लेकिन पूरे समय बदली छायी रही. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई.

मौसम विभाग ने पूरे विदर्भ में मानसूनी बादलों के सक्रिय होने की जानकारी दी है. साथ ही आगामी 3-4 दिनों तक के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है. विभाग ने संभावना जताई है कि 11 से 13 जून तक नागपुर जिले में 1-2 जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. सिटी में भी तेज वर्षा के आसार हैं. बिजली की चमक और गर्जन के साथ ही तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. ऐसा ही मौसम 14 जून को भी बन रहा है. विभाग ने सिटी सहित एक-दो जगहों पर 14 जून को भी चमक-गरज के साथ भारी बारिश के आसार जताए हैं.

गिरा तापमान, ठंडा हुआ मौसम
गुरुवार को सिटी में सुबह 8.30 बजे तक 4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी. वहीं दिनभर बदराया मौसम बना रहा. दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक रुक-रुक कर सिटी के कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई. कहीं-कहीं बौछारें भी पड़ीं जिसके चलते तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई. सिटी का अधिकतम तापमान 31.2 डिसे दर्ज किया गया जो औसत से 8.3 डिग्री कम रहा. तापमान नीचे आने से मौसम में ठंडकता बढ़ गई. सिटी का न्यूनतम तापमान भी औसत से 2.2 डिग्री कम 24.8 डिसे दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इसी तरह का मौसम 16 जून तक बना रह सकता है.

किसानों में हर्ष
इस वर्ष मानसून के सही समय पर दस्तक देने से जिले के किसानों में खुशी की लहर देखी जा रही है. जिले में अमूमन सभी किसानों की बुआई की तैयारी पूरी हो चुकी है. बीज-खाद की भी खरीदी हो चुकी है. मौसम विभाग ने इस वर्ष जिले में 100 फीसदी तक बारिश होने की संभावना जताई है जिससे किसानों में हर्ष है. कृषि विभाग ने फिलहाल अपील की है कि जब तक जिले में 100 मिमी बारिश नहीं हो जाती तब तक बुआई शुरू नहीं करें.

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.