Published On : Thu, Aug 16th, 2018

झंडारोहण के बाद मौलवी ने ना खुद गाया ना बच्चों को गाने दिया राष्ट्रगान

Advertisement

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें ध्वजारोहण के बाद मदरसे का एक मौलाना बच्चों और शिक्षकों को राष्ट्रगान गाने से रोकता हुआ दिखाई दे रहा है. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

महाराजगंज पुलिस ने मोहम्मद जुनैद अंसारी, मोहम्मद अज़लूर रहमान और मोहम्मद निजाम को गिरफ्तार किया है. इन तीनों ने 15 अगस्त को लड़कियों के मदरसे में तिरंगा फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान का न सिर्फ विरोध किया था बल्कि उसे रोका भी था. देर रात मामला दर्ज होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

बता दें कि महाराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक मदरसे में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुधवार सुबह तिरंगा तो फहराया गया, लेकिन ध्वजारोहण के तुरंत बाद होने वाले राष्ट्रगान को रोक दिया गया. इस राष्ट्रगान को किसी और ने नहीं बल्कि उसी मदरसे के एक मौलाना ने रोक दिया.

हालांकि वहां मौजूद शिक्षक राष्ट्रगान गाने के लिए जोर देते रहे, लेकिन इस तथाकथित मौलाना ने इस्लाम और मुसलमान की दुहाई देते हुए न सिर्फ जबरन राष्ट्रगान गाने से रोका बल्कि बच्चों को भी वहां से हटाने पर उतारू हो गया.

Advertisement

वहां मौजूद लोगों में मौलाना के प्रति नाराजगी साफ दिखाई दे रही थी, लेकिन मदरसे में उसकी तूती बोलती है इसलिए वो राष्ट्रगान रोकने में कामयाब रहा.

जहां एक तरफ पूरा देश स्वतंत्रता दिवस को शानदार तरीके से मनाने में लगा हुआ था, वहीं महाराजगंज के एक मदरसे अरबिया अहले सुन्नत अनवारे तैबा गर्ल्स कॉलेज बड़गो में हुए वाकये ने सबको चौंका दिया. कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक मदरसे में झंडारोहण के बाद छात्रों को राष्ट्रगान न गाने का फरमान एक मौलवी ने जारी कर दिया, जिसके बाद मौके पर मौजूद एक अध्यापक ने विरोध किया तो मौलवी ने सारे जहां से अच्छा गाने को कहा. इसके बाद वह इस्लाम और मुसलमान होने की बात करने लगा. राष्ट्रगान नहीं कराए जाने का यह वीडियो पूरे इलाके में तेजी से वायरल होने लगा.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहले झंडारोहण के बाद राष्ट्रगान नहीं होने दिया गया था, लेकिन जब मदरसे के टीचर की ओर से विरोध किया गया और उसका वीडियो बनाया गया तो बाद में राष्ट्रगान कराया गया.

इस वीडियो में नजर आ रहा है कि मौलाना बच्चों को राष्ट्रगान नहीं गाने का आदेश दे रहा है. वायरल वीडियो के इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई है. महाराजगंज के एसपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि इस घटना का वीडियो बन जाने के बाद उस मदरसे में राष्ट्रगान हुआ है, लेकिन इसकी जांच कराई जाएगी. अगर जांच में पाया गया कि राष्ट्रगान नहीं हुआ है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

योगी सरकार ने सारे मदरसों में राष्ट्रगान गाने और उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग की बात की थी, लेकिन कोल्हुई थाने के इस मदरसे ने यूपी सरकार के फरमान को भी नजरअंदाज किया.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.