
नागपुर: नागपुर महानगरपालिका (NMC) की ओर से आयोजित मारबत महोत्सव-2026 को लेकर खर्च का मुद्दा सामने आया है। मनपा के बजट में महोत्सव के लिए ₹2 करोड़ का प्रावधान किया गया था। अब इस राशि में से कितनी रकम खर्च हुई और किन-किन कार्यों पर खर्च की गई, इसका पूरा हिसाब मांगा गया है।
मनपा के विरोधी पक्षनेता संजय महाकाळकर ने इस संबंध में क्रीड़ा विभाग के उपायुक्त को पत्र सौंपा है। उन्होंने महोत्सव के दौरान किए गए विभिन्न कार्यों, उन पर हुए खर्च और खर्च की प्रक्रिया से जुड़ी संपूर्ण जानकारी लिखित रूप में उपलब्ध कराने की मांग की है।
महाकाळकर ने नागपुर टुडे से बातचीत में बताया कि संबंधित विभाग से तीन दिनों के भीतर खर्च का पूरा विवरण देने की मांग की गई है।
फिलहाल इस मामले में सत्तापक्ष और मनपा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ₹2 करोड़ के प्रावधान में से वास्तविक रूप से कितनी राशि खर्च हुई और उसका इस्तेमाल किन मदों में किया गया।




