नागपुर: हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में फर्जी लूटकांड का पुलिस ने चंद घंटों में पर्दाफाश किया है। एक व्यक्ति ने दोस्त से ली करीब 2 लाख रुपये की उधारी चुकाने से बचने के लिए खुद के साथ लूट की झूठी कहानी गढ़ी और पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। जांच में सच्चाई सामने आने के बाद अब पुलिस शिकायतकर्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
दोस्त से लिए थे 2 लाख रुपये उधार
त्रिमूर्तिनगर निवासी अमोल संतोष धर्नेजा ने कैफे शुरू करने के लिए अपने दोस्त अवतारसिंग महेंद्रसिंग धुन्ना से करीब 2 लाख रुपये उधार लिए थे। दोस्त लगातार रकम वापस मांग रहा था, लेकिन अमोल कथित तौर पर पैसे लौटाने से बचना चाहता था।
इसी के चलते 22 अगस्त को उसने खुद के साथ लूट होने की झूठी साजिश रची।
चाकू की नोक पर लूट की बताई कहानी
अमोल ने हुडकेश्वर पुलिस को शिकायत में बताया कि वह पिरामिड सिटी परिसर से कार लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी। कुछ दूरी आगे जाने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की और कार लेकर फरार हो गया।
अमोल ने पुलिस को यह भी बताया कि कार में 2 लाख 5 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को अमोल के बयान में कई विरोधाभास नजर आए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच करने के साथ ही मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। इसके बाद लूट की कहानी संदिग्ध पाई गई।
पुलिस ने जब अमोल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर पूरी सच्चाई बता दी। उसने स्वीकार किया कि दोस्त की करीब 2 लाख रुपये की उधारी चुकाने से बचने और कुछ समय हासिल करने के लिए उसने फर्जी लूट का पूरा ड्रामा रचा था।
फरियादी के खिलाफ होगी कार्रवाई
फर्जी लूट की साजिश का खुलासा होने के बाद हुडकेश्वर पुलिस अब पुलिस को गुमराह करने और झूठी शिकायत दर्ज कराने के मामले में अमोल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।




