Published On : Wed, Jun 29th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

महाराष्ट्र विधानसभा में 30 जून को बहुमत परीक्षण

Advertisement

– उद्धव सरकार को राज्यपाल ने दिया विशेष सत्र बुलाने का निर्देश,सुबह 11 बजे से महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। वहीं शाम 5 बजे तक सदन की कार्यवाही चलेगी।

मुंबई : महाराष्ट्र की राजनीति में घटनाक्रम में तेजी से बदल रहे हैं। राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी ने महाराष्ट्र विधानसभा में 30 जून को फ्लोर टेस्ट के निर्देश दिए हैं। उद्धव सरकार को इसके लिए विशेष सत्र बुलाने को कहा गया है। इस बीच गुवाहाटी में मौजूद शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने ऐलान किया है कि 30 जून को फ्लोर टेस्ट में शामिल होने के लिए वह अपने समर्थक विधायकों के साथ मुंबई जाएंगे। फिलहाल फ्लोर टेस्ट के लिए बुलाए जाने की सूचना मिलते ही वह अपने गुट के सभी विधायकों के लेकर कामाख्या मंदिर में दर्शन करने पहुंचे।

सुबह 11 बजे से महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। वहीं शाम 5 बजे तक सदन की कार्यवाही चलेगी। साथ ही इस दौरान बहुमत परीक्षण की कार्यवाही का लाइव टेलीकास्ट भी होगा।

सभी प्रक्रियाओं का करेंगे पालन
कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि फ्लोर टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए वह कल मुंबई जाएंगे। शिंदे ने मंदिर से निकलकर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘मैंने यहां महाराष्ट्र की शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। हम कल बहुमत परीक्षण में शामिल होने के लिए मुंबई जाएंगे और सभी प्रक्रियाओं का पालन करेंगे।’

Advertisement

एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि उनके साथ 50 विधायकों का समर्थन है। सीएम उद्धव ठाकरे के संपर्क में 20 बागी विधायकों के होने के दावे को भी उन्होंने खारिज किया है। एकनाथ शिंदे ने कहा कि अगर उनके गुट के 20 विधायक उद्धव के संपर्क में हैं तो वह नाम बताएं। राज्य मंत्री रहे निर्दलीय विधायक बच्चू कडू की पार्टी ‘प्रहार’ की तरफ से राज्यपाल के सामने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिलाया जा सकता है।

देवेंद्र फडणवीस ने की थी फ्लोर टेस्ट की मांग
मंगलवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने फ्लोर टेस्ट की मांग की थी। फडणवीस ने कहा कि उद्धव सरकार अल्पमत मे हैं, उनके 39 विधायक बाहर हैं। वहीं दूसरी ओर उद्धव ठाकरे गुट फ्लोर टेस्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है। राज्यपाल के साथ बैठक के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘आज राज्यपाल जी को ई-मेल के माध्यम से और प्रत्यक्ष तौर पर हमने पत्र दिया है जिसमें कहा है कि राज्य में जो परिस्थिति दिखाई पड़ती है इसमें शिवसेना के 39 विधायक बाहर हैं। वे लगातार कह रहे हैं कि हम कांग्रेस, एनसीपी की सरकार में नहीं रहना चाहते।’

‘सरकार के साथ 39 विधायक नहीं’
फडणवीस ने आगे कहा,’इसका मतलब ये 39 विधायक सरकार के साथ नहीं हैं या महा विकास अघाड़ी को समर्थन नहीं देना चाहते। राज्यपाल जी को हमने कहा है चूंकि सरकार अल्पमत में दिखाई पड़ती है इसलिए तुरंत सरकार को निर्देश दिया जाए कि मुख्यमंत्री फ्लोर टेस्ट करें और अपना बहुमत सिद्ध करें।’

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.