
नागपुर: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में नागपुर क्राइम ब्रांच और लखनऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश उर्फ तनवीर अली को नागपुर के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। तीनों पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने ₹50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से संयुक्त टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
9 अक्टूबर को हुई थी शिवा शर्मा की हत्या
पुलिस के मुताबिक, लखनऊ के हजरतगंज पुलिस थाने में दर्ज हत्या के मामले में शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर 2026 को हत्या हुई थी। वारदात के बाद मामले में वांछित तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश से नागपुर आ गए थे। उत्तर प्रदेश पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर नागपुर क्राइम ब्रांच ने उनकी तलाश शुरू की।
कानपुर से नागपुर आई कार से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को उत्तर प्रदेश में पंजीकृत कार क्रमांक UP 78 FX 1678 के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने गणेशपेठ क्षेत्र में इस वाहन का पता लगाया और चालक से पूछताछ की।
चालक ने पुलिस को बताया कि वह कानपुर से बुर्का पहनी दो महिलाओं और एक पुरुष को किराये पर नागपुर लेकर आया था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया।
250 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस ने जांच के दौरान ई-रिक्शा की आवाजाही को सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रैक किया। जांच की कड़ियां चिंचभवन से होते हुए बेलतरोड़ी क्षेत्र तक पहुंचीं।
करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद नागपुर क्राइम ब्रांच और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम को आरोपियों के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र स्थित प्रोजेन क्लेम सोसायटी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया।
अब उत्तर प्रदेश पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
इस कार्रवाई में नागपुर क्राइम ब्रांच और लखनऊ पुलिस के बीच समन्वय महत्वपूर्ण रहा। आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और AI तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
फिलहाल, हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस कर रही है। शिवा शर्मा हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।



