Published On : Wed, Aug 19th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी ने किया आत्महत्या का प्रयास, होटल में सनसनीखेज वारदात

शादीशुदा प्रेमी ने चाकू से प्रेमिका का गला रेता, फिर खुद की गर्दन और हाथ की नसें काटीं; आरोपी गंभीर
Advertisement

प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी ने किया आत्महत्या का प्रयास, होटल में सनसनीखेज वारदात

नागपुर: बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के मनीषनगर स्थित एक होटल में मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोप है कि एक शादीशुदा व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद की गर्दन तथा हाथ की नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। मृतका की पहचान 28 वर्षीय शिवानी गजभिए के रूप में हुई है। वहीं घायल आरोपी 40 वर्षीय किरण कुमार संजय आत्राम का मेडिकल अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शादी के लिए सरप्राइज प्लान का दावा

पुलिस के अनुसार, शिवानी और किरण दोनों रेलवे में नौकरी करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। बताया जाता है कि किरण ने सोमवार को मनीषनगर स्थित होटल एचआरजी डेस्टिनी (स्टोरीज) में कमरा नंबर 302 बुक किया था।

आरोप है कि उसने कमरे को गुब्बारों से सजवाया था और वहां नई साड़ी भी रखी थी। पुलिस के मुताबिक, वह शिवानी को शादी के लिए सरप्राइज देने की योजना बना रहा था।

Advertisement

कमरे में खून से लथपथ मिले दोनों

मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों होटल के कमरे में दाखिल हुए। इसके बाद काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए। शाम करीब 7 बजे किरण ने अपने दोस्तों को फोन कर कहा कि यह दिन उसके लिए खास है और वह उनसे आखिरी बार मिलना चाहता है। उसकी बातों से दोस्तों को शक हुआ।

रात करीब 9 बजे दोस्त होटल पहुंचे। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था और आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। होटल प्रबंधन की मदद से दरवाजा खोलने पर कमरे के अंदर दोनों खून से लथपथ मिले।

पुलिस के मुताबिक, शिवानी की गर्दन पर चाकू से वार किए गए थे और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं किरण की गर्दन पर भी चोटें थीं और उसके हाथ की नसें कटी हुई थीं। वह उस समय होश में था। उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी वसंत परदेशी, डीसीपी एस. ऋषिकेश रेड्डी, एसीपी वैभव जाधव और नरेंद्र हिवरे सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है।

तीन साल पहले भी परिजनों ने किया था विरोध

जानकारी के अनुसार, शिवानी और किरण पहले बल्लारशाह में साथ नौकरी करते थे। इसी वजह से किरण का शिवानी के घर भी आना-जाना था। बताया जाता है कि दोनों के करीब आने पर शिवानी के परिजनों ने विरोध किया था और करीब तीन वर्ष पहले अजनी थाने में शिकायत भी की गई थी।

पिता की मृत्यु के बाद शिवानी को रेलवे में नौकरी मिली थी। इसके बाद दोनों के संबंध और गहरे होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।

चाकू शिवानी के हाथ में मिलने से पुलिस को संदेह

पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के समय चाकू शिवानी के हाथ में मिला। पुलिस को आशंका है कि घटना के बाद किरण ने जांच को भटकाने के लिए चाकू उसके हाथ में रखा हो सकता है। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है और घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

किरण के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि उसके बयान से हत्या के पीछे की वजह और वारदात की पूरी कहानी सामने आ सकती है। फिलहाल बेलतरोड़ी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.