Published On : Thu, Sep 11th, 2014

गरबा में ‘लव जिहाद’: नागपुर के भाजपा नेताओं ने कहा, न बिगड़े धार्मिक एकता

Advertisement

नागपुर न्यूज।

गणेश महोत्सव के बाद अब नागपुर में नवरात्र और गरबा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जहां एक ओर ‘लव जिहाद’ का मामला गरमाया हुआ है वहीं मध्य प्रदेश के इंदौर की भाजपा विधायक एवं पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष ऊषा ठाकुर के ताजा बयान ने आग में घी का काम कर दिया है। सुश्री ठाकुर का मत है कि गरबा आयोजनों में मुस्लिम लड़कों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए क्योंकि देश में गरबा उत्सव के दौरान ही औसतन 4 लाख लड़कियां इस्लाम धर्म अपना लेती हैं। एनडीटीवी को दिए एक साक्षात्कार में सुश्री ठाकुर ने कहा कि गरबा के दौरान मुस्लिम लड़के आयोजनों में घुस जाते हैं और माथे पर तिलक लगाकर लड़कियों को अपनी ओर रिझाते हैं। गौरतलब है कि हाल ही में एक गुप्त रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि मुस्लिम युवक अन्य धर्मों की लड़कियों को अपने प्रेम में रिझाकर उन्हें इस्लाम धर्म अपनाने को मजबूर करते हैं, हालांकि इस बात की पुख्ता तौर पर पुष्टि नहीं पाई है।

जहां भाजपा के अनेक बड़े नेताओं ने मध्य प्रदेश की भाजपा उपाध्यक्ष के इस बयान से किनारा कर लिया, वहीं उनके इस बयान को लेकर नागपुर टुडे ने शहर के कुछ वरिष्ठ भाजपा नेताओं से बात की और इस मुद्दे पर उनकी राय ली।

जांच का विषय : प्रवीण दटके

मेयर प्रवीण दटके मानते हैं कि ऐसे आयोजनों में लव जिहाद की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है लेकिन इस पर धार्मिक रंग कतई नहीं चढ़ाया जाना चाहिए। श्री दटके ने कहा कि सुश्री ठाकुर का बयान उनकी व्यक्तिगत राय है और इसे किसी भी पार्टी या धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। ‘‘लव जिहाद के अस्तित्व से इनकार नहीं किया जा सकता है और यदि ऐसी कोई आशंका है तो इसकी जांच होनी चाहिए, लेकिन ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों पर धार्मिक रंग चढ़ाना उचित नहीं होगा।’’

Advertisement

लव जिहाद अलग मामला है : कृष्णा खोपड़े

नागपुर शहर भाजपा अध्यक्ष कृष्णा खोपड़े ने कहा कि ऐसे किसी भी बयान को हतोत्साहित किया जाना चाहिए क्योंकि किसी के भी माथे पर उसका धर्म नहीं लिखा होता है। श्री खोपड़े ने कहा, ‘‘जहां तक लव जिहाद का सवाल है तो इसे इस धार्मिक आयोजन से अलग रखा जाना चाहिए। लव जिहाद एक अलग विषय है और ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में सभी धर्मों के लोगों को समान रूप से देखा जाना चाहिए।’’

पालक रखें बेटियों पर नजर : विकास कुंभारे

भाजपा विधायक विकास कुंभारे हालांकि मानते हैं कि लव जिहाद चिंता का विषय तो है लेकिन इसे हम किसी भी तरह के सार्वजनिक कार्यक्रम से नहीं जोड़ सकते हैं। उन्होंने लव जिहाद की बात पर सहमति जताई और माना कि इस तरह की गतिविधियों से इनकार नहीं किया जा सकता क्योंकि पूर्व में ऐसी कुछ घटनाएं सामने आई हैं। श्री कुंभारे का सुझाव है कि किसी भी धर्म के लोगों को ऐसे आयोजनों में आने से रोकना तो अनुचित होगा लेकिन पालकों को ही सचेत होकर अपने बच्चों पर नजर रखनी होगी ताकि वे भटकने न पाए।

ग्रामीण इलाकों में संभावना नहीं : चंद्रशेखर बावनकुले

कामठी-कोराड़ी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, ‘‘मेरे क्षेत्र में तो गरबा नहीं होता। ग्रामीण इलाकों के बजाय शहरी इलाकों में ऐसी घटनाओं की संभावनाएं हो सकती हैं, इसलिए मैं इस बारे में कुछ  भी नहीं कह सकता है।’’

File Pic

File Pic

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.