Published On : Mon, Oct 1st, 2018

Live Murder on CCTV : गणेशपेठ थाना क्षेत्र में पूर्व प्रेमिका को कार से उड़ाया

Advertisement

नागपुर. गणेशपेठ थाना क्षेत्र में शनिवार की रात रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात हुई. एक युवती अपने दोस्त के साथ बाइक पर घर लौट रही थी. इसी दौरान कार में सवार उसके पूर्व प्रेमी के भाइयों ने पीछा शुरू किया. युवक-युवती से मारपीट करने का प्रयास किया. चलती गाड़ी में युवती का हाथ पकड़ने का प्रयास किया. गांधीसागर के गणेश घाट के पास कार में सवार आरोपी युवकों ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. बाइक स्कीट होकर बंद दूकान के शटर पर जा टकराई. इस हादसे युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त बुरी तरह जख्मी हो गया. मृतका तेलंगीपुरा, गांधीबाग निवासी मयूरी तरुण हिंगणेकर (22) बताई गई. जख्मी युवक झंडा चौक, महल निवासी अक्षय किशोर नगरधने (22) का उपचार मेडिकल अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने इस घटना में हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. आरोपियों में छोटा लोहारपुरा, गांधीबाग निवासी अनिकेत कृष्णा सालवे, मोहित मनोहर सालवे, आशीष कृष्णा सालवे और झंडा चौक निवासी दीपक तुलसीदास भुले का समावेश है.

पूरी घटना cctv मे कैद हो गई — देखिए वीडियो

फिल्म देखने निकली थी घर से

Advertisement

मयूरी के पिता का 2 वर्ष पहले देहांत हो गया. तब से मयूरी ही निजी संस्थानों में काम करके घर चला रही थी. शनिवार को उसके पिता के श्राद्ध का कार्यक्रम था. घर से भोजन करने के बाद वह रात 10 बजे के दौरान घर से निकली. फवारा चौक पर अक्षय उसे लेने आया. मयूरी ने अपने दोस्तों के साथ फिल्म देखने का प्लान बनाया था, लेकिन उसके दोस्त नहीं आए. फिल्म का समय चला गया तो अक्षय और मयूरी कोराडी मंदिर घूमने चले गए. रात 12.30 बजे के दौरान दोनों दर्शन कर वैरायटी चौक पर रुके. दोनों चाय की दूकान पर जा रहे थे. इसी दौरान कार क्र. एम.एच.31-डी.वी.4990 पर सवार उपरोक्त आरोपी उनके पास आए. आरोपी युवकों ने अक्षय को साथ देख मयूरी के साथ अभद्र व्यवहार किया. इस बीच अक्षय के साथ भी उनकी बहस हुई. मयूरी ने उसे बताया कि आरोपी युवक उसके पूर्व प्रेमी शुभम सालवे के भाई और दोस्त हैं. उसने अक्षय को चुपचाप अपने साथ चलने को कहा. अक्षय और मयूरी बाइक पर वहां से निकल गए.

चलती गाड़ी पर किया हमला

इस संबंध में अक्षय से बात करने पर बताया कि वह मयूरी को उसके घर पहुंचाने जा रहा था, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी से पीछा शुरू कर दिया. उसने मोदी नंबर 3 की गली में गाड़ी डाल ली. लगा कि अब आरोपी उनके पीछे नहीं आएंगे. आनंद टाकीज आरयूबी होते हुए वह कॉटन मार्केट चौक पर पहुंचा ही था कि आरोपी दोबारा उनके पीछे लग गए. इस बीच कार में सवार युवक ने चलती गाड़ी पर कटर से उन पर हमला करने का प्रयास किया. एक युवक ने मयूरी के बाल पकड़ने की कोशिश की. वह बचने के लिए गाड़ी भगाता रहा. गणेश घाट के पास से उसने गाड़ी गणेशपेठ पुलिस स्टेशन की तरफ भगाने का प्रयास किया, लेकिन वहां बैरिकेड लगा हुआ था. टर्निंग पर ही अनिकेत ने उनकी गाड़ी को पीछे से उड़ा दिया. उनकी गाड़ी चबूतरे से उछलते हुए श्रीसाईं प्लाजा नामक ईमारत में स्थित दूकान के शटर से जा टकराई. आरोपियों की कार भी उनके पीछे वहां घुस गई. चोट लगने के बावजूद अक्षय गणेशपेठ पुलिस स्टेशन की तरफ भागा. जोरदार आवाज होने के कारण पुलिसकर्मी भी थाने के बाहर निकले. तब तक कार में सवार 3 युवक वहां से भाग निकले.

कई दिनों से मिल रही थी धमकी

तब तक पुलिस को लग रहा था कि यह मामला दुर्घटना का है, लेकिन जांच के दौरान सच्चाई सामने आई. पहले तो पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज किया था. बाद में हत्या का मामला दर्ज किया गया. मयूरी के भाई चेतन ने बताया कि कई दिनों से मयूरी को धमकियां दी जा रही थीं. शनिवार रात भी उसे फोन पर धमकाया गया था. वाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे थे. जानकारी मिली है कि करीब डेढ़ वर्ष से मयूरी और शुभम के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ समय से मयूरी ने उससे दूरी बना ली थी. तब से शुभम और उसके साथी मयूरी को धमका रहे थे. शनिवार रात मयूरी को अक्षय के साथ देख आरोपी आगबबूला हो गए और मारने पर उतारू थे. कार चला रहा अनिकेत फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है. अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. कार अनिकेत के ही रिश्तेदार की होने की जानकारी मिली है.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.