
नागपुर– नागपुर ग्रामीण पुलिस की एनडीपीएस टीम ने कन्हान क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 9 किलो गांजा, एक कार, तीन मोबाइल फोन और नकद राशि समेत कुल 12 लाख 12 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के नेटवर्क में खलबली मच गई है।
पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस पथक के नापोशि अमोल नागरे को गोपनीय सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक व्यक्ति कन्हान क्षेत्र में आपूर्ति करने के लिए आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया।
गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपए आंकी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज राजेंद्र चव्हाण (30), निवासी दिघोड़ा, उत्तर प्रदेश, हिमांशु नंदलाल शर्मा (26), निवासी दिघोड़ा, उत्तर प्रदेश तथा शुभम कपिलदेव शाही (32), निवासी कन्हान के रूप में हुई है।
कार समेत लाखों का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजे के अलावा एक XUV-300 कार (क्रमांक UP 57 BP 7610), जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए है, तीन मोबाइल फोन कीमत 30 हजार रुपए तथा 2,500 रुपए नकद बरामद किए हैं। इस तरह पुलिस द्वारा जब्त किए गए माल की कुल कीमत 12 लाख 12 हजार 500 रुपए बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांजा ओडिशा से लाकर कन्हान क्षेत्र में पहुंचाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और कन्हान में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले की जांच में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
संयुक्त टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्ष पोतदार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के तथा कन्हान के डीवाईएसपी के मार्गदर्शन में की गई। एनडीपीएस नागपुर ग्रामीण की टीम में एपीआई अजित सिंह देवर, पीएसआई प्रवीण भिमटे, प्रवीण देव्हारे, अमृत किनगे, प्रकाश ढोके, नापोशि अमोल नागरे, पुलिस कर्मचारी अनिल तथा वाहन चालक अविनाश तुमडाम शामिल थे।
कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा तथा कन्हान पुलिस थाने की टीम ने भी सहयोग किया। कन्हान पुलिस थाने के पीएसआई गुप्ता और पुलिस कर्मचारी प्रणित दहिवले ने संयुक्त रूप से कार्रवाई में सहभागिता की।
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। जांच के दौरान गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




