Published On : Fri, Nov 20th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

कलमना पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामले सुलझाए, एक आरोपी गिरफ्तार

20 से 25 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़ा आरोपी; चोरी की दोनों बाइक बरामद
Advertisement

कलमना पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामले सुलझाए, एक आरोपी गिरफ्तार

नागपुर – शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कलमना पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कलमना पुलिस के जांच दल ने वाहन चोरी के दो मामलों का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कलमना थाना क्षेत्र के आजरी-मांजरी परिसर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MH-49-L-6819) घर के बाहर खड़ी की थी। 16 नवंबर 2026 की रात 11 बजे से 17 नवंबर की सुबह 9 बजे के बीच अज्ञात चोर ने मोटरसाइकिल चुरा ली। इस मामले में कलमना पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1090/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के जांच दल ने चोरी गए वाहन और आरोपी की तलाश शुरू की। घटनास्थल तथा आसपास के इलाकों में लगे करीब 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पर्वती नगर, कलमना गांव निवासी शोएब खान तज्जमुल खान (22) को संदेह के आधार पर पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ की तो उसने वाहन चोरी के एक अन्य मामले में भी अपनी संलिप्तता बताई। उसकी निशानदेही पर कलमना थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 881/2026 के तहत चोरी गई टीवीएस रेडियन मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। इस तरह पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं।

Advertisement

बरामद वाहनों में करीब 15 हजार रुपये कीमत की काले रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर और करीब 30 हजार रुपये कीमत की लाल रंग की टीवीएस रेडियन शामिल है। पुलिस ने कुल 45 हजार रुपये का माल जब्त किया है। आरोपी को दोनों मामलों में गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काळे के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काळे के मार्गदर्शन में जांच दल प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक अजय जाधव तथा पुलिस हवलदार रविकुमार शाहू, प्रदीप पवार, पुलिस सिपाही मंगेश लोही, संतोष पांडे, अनिल जाधव और प्रफुल गोहकार ने की। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की दो घटनाओं का खुलासा हुआ है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.