Published On : Sat, Dec 15th, 2018

तगड़े बंदोबस्त के बीच चली मनपा-नासुप्र की अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त करवाई

Advertisement

नागपुर: शुक्रवार को हनुमाननगर जोन अंतर्गत म्हालगीनगर चौक पर उस समय कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब मनपा प्रवर्तन विभाग का दस्ता दल-बल के साथ अवैध रूप से स्थाई तौर पर बनाई गईं मांस बिक्री की 5 दूकानों को तोड़ने के लिए पहुंच गया. उल्लेखनीय है कि म्हालगीनगर चौक के पास ही अवैध रूप से फुटपाथ पर मटन और चिकन की दूकानों का संचालन होने की शिकायतें स्थानीय लोगों की ओर से मनपा को की गई थीं. इन्हें हटाने के लिए मनपा और प्रन्यास के दस्ते की ओर से संयुक्त कार्रवाई की गई. दस्ते के पहुंचते ही दूकानदारों की ओर से कार्रवाई का विरोध तो किया गया, लेकिन पुख्ता पुलिस बंदोबस्त के साथ पहुंचे दस्ते ने विरोध को नजरअंदाज कर कार्रवाई पूरी ली. दस्ते ने लकी चिकन सेंटर सहित अन्य 5 दूकानों को पूरी तरह साफ कर दिया.

मनपा और प्रन्यास की ओर से की गई कड़ी कार्रवाई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दस्ते ने जेसीबी के माध्यम से न केवल दूकानों का पक्का निर्माण ढहा दिया, बल्कि तुरंत ही मलबा भी वहां से हटा दिया गया. कार्रवाई के दौरान दोनों दस्ते की ओर से कुल 3 जेसीबी लगाए गए थे.

एक साथ तीनों जेसीबी की मदद से तोड़ू कार्रवाई शुरू की गई. हालांकि दूकानों का सामान बचाने में दूकानदार तो सफल हो गए, लेकिन अवैध निर्माण साफ हो गया. यहां की कार्रवाई खत्म करने के बाद दस्ता महावीर मिष्ठान भंडार से लेकर उदयनगर चौक तक घूमा. जहां सड़कों के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया गया. इसी दौरान दस्ते ने सड़क किनारे लगाए 6 ठेले तोड़ दिए. इसके अलावा 1 ट्रक सामान भी जब्त किया.

जरीपटका स्थित दयानंद पार्क के पास उस समय हंगामे की स्थिति खड़ी हो गई, जब दस्ता पार्क के आसपास से अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचा. कई बार कार्रवाई किए जाने के बावजूद पार्क में आनेवाले लोगों की संख्या को देखते हुए सड़कों के किनारे अतिक्रमणकारियों को बोलबाला पुन: होने की भनक दस्ते को लगी थी.

Advertisement

यहां पहुंचते ही दस्ते ने सर्वप्रथम चाय-नाश्ता के एक ठेले को तोड़ दिया, जिसके बाद सड़क तक बढ़ाए गए एक शेड को भी हटाया गया. इसके बाद दस्ते ने जरीपटका पुलिस थाना चौक के पास से 3 ठेले जब्त किए. कार्रवाई में मनपा प्रवर्तन विभाग प्रमुख सहायक आयुक्त अशोक पाटिल, प्रवर्तन निरीक्षक संजय कांबले के मार्गदर्शन में नितिन मंथनवार, भास्कर मालवे, प्रन्यास की ओर से अविनाश बडगे, संदीप राऊत, विनोद खुलगे एवं प्रन्यास के अतिक्रमण विभाग प्रमुख मनोहर पाटिल ने हिस्सा लिया.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.