Published On : Thu, Feb 22nd, 2018

कल्याणकारी-कार्यों में निरंतर समर्पित है “झंकार क्लब”

Advertisement


नागपुर: वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, कार्पोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी (सी.एस.आर.) पॉलिसी के तहत विविध कल्याणकारी कार्यक्रमों को अंजाम देता है। वहीं, प्रबन्धन के साथ कदम से कदम मिला कर कार्य कर रही “झंकार क्लब” की सक्रिय पदाधिकारी एवं सदस्य गण नागपुर शहर तथा इसके आस-पास के इलाकों में जरूरतमंद लोगों की मदद को सदैव तत्पर रहती हैं। हर महीने उनकी कल्याणकारी गतिविधियों से कई संस्थाएं और अन्यलोग लाभान्वित होते हैं। यों तो उनके सत्कार्य पिछले कई वर्षों से चल रहे हैं। पर, पिछले तीन वर्षों के विवरण भी काफी उत्साहजनक हैं।

“झंकार क्लब” की अध्यक्ष श्रीमती अनिता मिश्र के कुशल नेतृत्व की सराहना घरेलू काम कर रही बाइयों ने तब की, जब पहली बार उन्हें बुला, किसी ने दीपावली की सौगात और शुभकामनाएं दीं। दीपावली के पूर्व, अनाथाश्रम के बच्चों और वृद्धाश्रम के बुजर्गों को मिष्ठान्न प्रदान कर उनके साथ समय बिताया और उनके सुख-दुःख बांटे।

इसी तरह, सहारा स्पेशल स्कूल के बच्चों के साथ झंकार क्लब की सदस्यों ने `बाल दिवस’ मनाया और उन लोगों को दैनंदिन जीवन की आवश्यक सामग्री तथा उपहार, भेंट-स्वरूप प्रदान किया। हेल्पेज इंडिया को आर्थिक सहायता स्वरूप पच्चीस हजार रूपये का चेक प्रदान किया। शीत लहर और ठंड से राहत के लिए 50 वंचित लोगों को कम्बल प्रदान किये। नवजीवन विद्यालय के बच्चों को यूनिफ़ॉर्म, फल एवं मिठाइयां दी। सरस्वती वसतिगृह में विशेष महिलाओं को वस्त्र, फल एवं खाने के पैकेट, राहुल बाल सदन के बच्चों को पाठ्य सामग्री एवं मिष्ठान्न प्रदान करते हुए स्वास्थ्य कैम्प का भी आयोजन किया। मातोश्री आश्रम, अदासा के वरिष्ठ नागरिकों को स्वेटर, फल एवं खाद्य-सामग्री प्रदान की। मनोरमा आश्रम, नागपुर एवं आश्रम शाला, अदासा के बच्चों को कम्बल, फल एवं मिठाइयां प्रदान कीं। इतना ही नहीं, महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर एवं पर्यावरण संरक्षण-संवर्धन के कार्य भी इन महिलाओं के खाते में दर्ज़ हैं।


‘झंकार क्लब’ की छतरी के नीचे महाराष्ट्र तथा मध्यप्रदेश स्थित वेकोलि के सभी क्षेत्रों में कार्यरत महिला मंडलों की सक्रिय मौजूदगी से स्थानीय महिला बुजुर्ग और बच्चे अक्सर लाभान्वित होते हैं। सेवा-भाव से कार्य कर रहे इन महिला मंडलों की पदाधिकारी और सदस्य गण अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकाल कर आस-पास के लोगों के लिए प्रशंसा एवं अनुकरण की पात्र बनती हैं। शिवानी महिला मंडल बल्लारपुर क्षेत्र, दामिनी महिला मंडल वणी क्षेत्र, मयूरी महिला मंडल चंद्रपुर क्षेत्र, मेघा महिला मंडल नागपुर क्षेत्र, उज्ज्वला महिला मंडल उमरेड क्षेत्र, फाल्गुनी महिला मंडल कन्हान क्षेत्र,सहेली महिला मंडल वणी नार्थ क्षेत्र, सुरभि महिला मंडल माजरी क्षेत्र, संचयिता महिला मंडल पाथाखेड़ा क्षेत्र, सद्भावना महिला मंडल पेंच क्षेत्र तथा मोहिनी महिला मंडल, केन्द्रीय कार्यशाला, तडाली की सदस्यों के वार्षिक आयोजन ‘सावन उत्सव’ का भी सबों को इंतजार रहता है। उस दौरान, प्रकाशित विशेष पत्रिका “समर्पण” में उनकी साहित्यिक रचनाशीलता का भी प्रकटीकरण बखूबी होता है। “समर्पण” में सदस्यों की स्तरीय कहानी, कविता और लेख संग्रहणीय होते हैं।

संक्षेप में कहें, तो झंकार क्लब और उसके सहयोगी महिला मंडलों की सार्थक गतिविधियों से वंचित और जरुरतमंदों की प्रत्यक्ष सेवा सचमुच अनुकरणीय है।

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.