Published On : Thu, Jul 28th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

2 लोगों के विवाद में बेगुनाह की मौत; 1 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग हिरासत में

Advertisement

नागपुर. मामूली बात को लेकर दो दोस्तों में हुए विवाद में बेगुनाह व्यक्ति को जान ग‍ंवानी पड़ी. जमीन पर पटके जाने से सिर पर चोट लगी और मौत हो गई. यह घटना पारडी थाना क्षेत्र में हुई. मृतक मां अंबेनगर, पारडी निवासी नेमलाल पतिराम गड़े (58) बताए गए. पुलिस ने नेमलाल के पड़ोसी मुकुंदा उर्फ बाबा मते (39) की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी विनोद उर्फ गुड्डू तोरण निर्मलकर (32) और उसके नाबालिग भाई को हिरासत में ले लिया. सभी एक ही इलाके में रहते हैं.

मुकुंदा और नेमलाल प्रॉपर्टी ब्रोकर हैं. दोनों में अच्छी दोस्ती थी. आरोपी गुड्डू परिसर में ही पानठेला चलाता है. मुकुंदा की पत्नी अपने मायके गई थी. इसीलिए उसने नेमलाल के साथ मिलकर फिश करी बनाने का सोचा. मंगलवार की शाम 5.30 बजे के दौरान विजय गुल्हाने नामक मित्र ने मुकुंदा को फोन किया. उसे एचबी टाउन के समीप स्थित लखन सावजी भोजनालय में शराब पीने के लिए बुलाया. मुकुंदा और नेमलाल ने बाजार से मछली खरीदी. खुद सावजी में रुक गया और नेमलाल को भोजन बनाने के लिए घर भेज दिया.

चारों दोस्तों ने बैठकर शराब पी. नशे में गुड्डू को गाली-गलौज करते देख मुकुंदा वहां से जाने लगा. गुड्डू ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना और अपने घर लौट गया. गुड्डू वहां अकेला छूट गया. इस बात से वह बौखलाया हुआ था. उसने मुकुंदा को फोन लगाकर गाली-गलौज की. शाम 7.30 बजे के दौरान वह अपने नाबालिग भाई के साथ मुकुंदा के घर पहुंचा. उसे घर से बाहर घसीटकर मारपीट करने लगा. किचन में खाना पका रहे नेमलाल बीच-बचाव करने के लिए बाहर निकले.

गुड्डू और उसके भाई ने नेमलाल को जमीन पर पटक दिया जिससे उनका सिर दरवाजे के कॉलम से टकरा गया. दोनों ने नेमलाल की छाती पर लातों की बरसात कर दी और बुरी तरह जख्मी कर फरार हो गए. नेमलाल जमीन पर बेहोश पड़े थे. मुकुंदा पड़ोसी की मदद से उन्हें अस्पताल ले गया जहां डॉक्टर ने नेमलाल को मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही पारडी के थानेदार मनोहर कोटनाके अपने दल के साथ मौके पर पहुंचे. गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया. न्यायालय ने उसे 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए. उसके भाई को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा. 2 लोगों के विवाद में नेमलाल की जान चली गई जबकि पूरे विवाद से उनका कोई लेना-देना नहीं था.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.