
नागपुर : शहर के मानकापुर इलाके से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। साली के प्रेम संबंध में बाधा बनने पर एक युवक ने अपने जीजा पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग घायल हो गए हैं और दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, मानकापुर थाना क्षेत्र के गंगानगर झोपड़पट्टी में रहने वाली एक महिला का सूरज गजभिये नाम के युवक से प्रेम संबंध था। महिला अपने बेटे के साथ मायके में रह रही थी, जबकि उसका जीजा कमल बच्चे को अपने पास रखने लगा था। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही सूरज गजभिये को इसकी जानकारी मिली, वह गुस्से में कमल के घर पहुंच गया और मां-बेटे को अलग रखने को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने लकड़ी के पट्टे से कमल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान कमल को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए उसके एक दोस्त पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इस हमले में वह भी घायल हो गया। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर मानकापुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सूरज गजभिये के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। PSI प्राजंली आंबेडकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम संबंध से जुड़ा पाया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।








