Published On : Fri, Sep 21st, 2018

विदर्भ भर में भारी बारिश की चेतावनी

Advertisement

नागपुर: काफी दिनों से बारिश के लिए तरस रहे नागपुर जिले सहित विदर्भ भर में मौसम विभाग ने 21 व 22 सितंबर को भारी और अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम का मूड अचानक बदल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार नागपुर जिले के कुछ भागों सहित अमरावती, भंडारा, चंद्रपुर, गड़चिरोली, गोंदिया, वर्धा, यवतमाल जिले में 21 सितंबर को अतिवृष्टि की चेतावनी दी है.

वहीं 22 सितंबर को भी संपूर्ण विदर्भ भर में कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. जिला प्रशासन ने नदी, नालों व निचली संवेदनशील इलाकों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है. गुरुवार की शाम को मौसम में कुछ बदलाव नजर आया. तेज हवाओं में ठंडक महसूस हुई वहीं शाम से मौसम बदराया हो गया.

23 तक शहर में बारिश
विभाग ने संभावना जताई है कि नागपुर शहर में 21 से 23 सितंबर तक मौसम बदराया रहेगा और एक-दो स्पैल की अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं 24 सितंबर को बदली के साथ ही हल्की बारिश के आसार हैं. अगर विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई तो उमस व गर्मी से बेचैन शहरवासियों को कुछ राहत मिल सकती है.

तेज धूप ने किया हलाकान
गुरुवार को सुबह से तेज धूप निकली. दोपहर होते-होते तो चटके से लगने लगे थे. शहर का तापमान भी 35 डिसे के करीब पहुंच गया. मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 34.5 डिसे दर्ज किया जो औसत से 1.7 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 23.2 डिसे रहा. कई दिनों से बारिश के गायब हो जाने से शहर में दिन में गर्मी व उमस का मौसम बना हुआ है तो रात में ही मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है.

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.