Published On : Tue, Dec 21st, 2021
By Nagpur Today Nagpur News

हाड़ कंपाती सर्दी ने झिंझोड़ा, पूरे राज्य में सिटी रही सबसे कूल

Advertisement

नागपुर. कड़ाके की सर्दी की चपेट में सिटी सहित पूरा विदर्भ ही आ गया है. बीते 24 घंटों में ही अचानक सिटी के तापमान में 5.6 डिग्री की गिरावट दर्ज होने से अचानक ही हाड़ कंपाती सर्दी शुरू हो गई है जिसने नागरिकों को झंझोड़ कर रख दिया है. मौसम विभाग ने सोमवार को सिटी का न्यूनतम तापमान 7.8 डिसे दर्ज किया जो औसत से 4.7 डिग्री कम है. इसके एक दिन पहले संडे को न्यूनतम तापमान 13.4 डिसे दर्ज किया गया था. एक दिन में पारा में 5.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. संडे की रात को तो बर्फीली हवा का कहर जारी ही था.

सोमवार को हालांकि हवा नहीं चल रही थी लेकिन हड्डी तक कंपाने वाली सर्दी के चलते लोगों को दिनभर गर्म कपड़ों में ही देखा गया. घर के भीतर भी कंपकंपाती सर्दी थी जिसके चलते लोगों को दिन में घरों की छत व गैलरी पर धूप सेंकते देखा गया. शाम 4 बजे के बाद फिर ठंड बढ़ गई. मौसम विभाग ने सोमवार को सिटी का अधिकतम तापमान 25.4 डिसे दर्ज किया और यह भी औसत से 3.4 डिग्री कम रहा. नागपुर का तापमान पूरे राज्य भर में सबसे कम रहा.

आग तापते दिखे लोग
देर शाम से ही ठंड के कारण बाजारों में और सड़कों में अन्य दिनों की अपेक्षा लोग कम नजर आए. रात 9 बजे के बाद तो कई इलाकों में वीरानी ही छा गई थी. लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे.कई चौराहों में लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर आग तापते भी देखा गया. 20 दिसंबर इस ठंड के सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा. वहीं ठंड के मौसम का लुत्फ उठाने के लिए युवाओं की टोली भी निकली. गर्म-गर्म समोसा-कचौरी, चाय-काफी के स्टॉलों में भारी भीड़ देखी गई.

26 तक ऐसा ही मौसम
मौसम विभाग की मानें तो सिटी का मौसम 26 दिसंबर तक कुछ इसी तरह का बना रह सकता है. इस दौरान मौसम साफ रहेगा और न्यूनतम तापमान 8 डिसे तक उतरने की संभावना जताई गई है. 26 दिसंबर तक सिटी का न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिसे तक दर्ज किया जाएगा. वहीं अधिकतम तापमान 26 से 28 के बीच बना रहने की संभावना है. अचानक ठंड बढ़ जाने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है. सुबह जल्दी उठने वाला आराम से उठ रहे हैं. शाम को सूर्यास्त भी काफी जल्दी हो रही है और ठंड बढ़ जाती है इसलिए कामकाजी लोग घर भी जल्दी लौट रहे हैं.

Advertisement

पूरा विदर्भ लहर की चपेट में शहर न्यूनतम तापमान (डिसे) अमरावती 8.0 गोंदिया 8.2 वर्धा 9.0 ब्रम्हपुरी 10.0 बुलढाना 10.5 अकोला 11.3 चंद्रपुर 11.4 गड़चिरोली 11.6 यवतमाल 12.5

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.