Published On : Mon, Oct 1st, 2018

हजरत बाबा ताजुद्दीन औलिया र.अ. के 96 वें सालाना उर्स की तैयारियां पूरी

Advertisement

नागपुर: सर्वधर्म समभाव के प्रतीक सूफी संत हजरत बाबा सैयद मोहम्मद ताजुद्दीन औलिया रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स ताजाबाद शरीफ उमरेड रोड में बुधवार 3 अक्तूबर से 10 अक्तूबर तक मनाया जाएगा. हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उर्स में देशभर के जायरीन बाबा हुजूर के दरबार में हाजिरी लगाने यहां आते हैं.

हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के प्रशासक गुणवंत कुबडे ने पत्रकार वार्ता में बताया कि हजरत बाबा ताजुद्दीन के उर्स का शुभारंभ बुधवार 3 अक्तूबर को होगा। उर्स के आगाज का भव्य समारोह ‘परचम कुशाई’ की रस्म सुबह 9 बजे सज्जादानशीन हजरत सैयद यूसुफ इकबाल ताजी के मार्गदर्शन में श्रीमंत पंचम राजे रघुजीराव भोसले के हाथों होगी.

भोसले राज परिवार के वंशजों द्वारा ही बाबा ताज के उर्स में परचम कुशाई की परंपरा है. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जामिया अरबिया इस्लामिया के प्रमुख, प्रसिद्ध इस्लामिक विद्धान अमीरे शरीअत मुफ्ती मोहम्मद अब्दुल कदीर खान करेंगे. परचम कुशाई के बाद उर्स का उद्घाटन समारोह होगा जिसमें शाही मस्जिद के इमाम मौलाना अल्हाज बायजीद खान साहब तिलावते कलाम पाक पेश करेंगे. इस कार्यक्रम के विशेष अतिथि शहजादए गाजिए मिल्लत हजरत अल्लामा मौलाना सैयद मो. सुब्हानी- किबला अशरफी जिलानी, किछौछा शरीफ व हजरत अल्लामा मौलाना अहमद शाह अब्दाली साहब- खतीब व इमाम मोहम्मदिया, मानकापुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहेंगे.

Advertisement

‘26 मोहर्रम’ यानी हजरत बाबा ताजुद्दीन की छब्बीसवीं के दिन रविवार 7 अक्तूबर को सुबह 10 बजे हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के कार्यालय से दरबारी शाही संदल निकलेगा. यह ताजाबाद उमरेड रोड से निकलकर सक्करदरा चैक, सिरसपेठ, अशोक चैक, नई शुक्रवारी सीमेंट रोड, शिवाजी पुतला, अग्रसेन चैक, डागा अस्पताल, गांजाखेत चैक, तीन नल चैक इतवारी, शहीद चैक, गांधी पुतला, बड़कस चैक, कोतवाली, कल्याणेश्वर मंदिर, झंडा चैक, चिटणवीसपुरा, नागनदी पुलिया, जूनी शुक्रवारी रोड, सक्करदरा चैक, उमरेड रोड होते हुए शाम 6 बजे ताजाबाद शरीफ वापस लौटेगा। यहां आने के बाद बाबा ताज की मजार पर शाही चादर चढ़ाई जाएगी.

बाबा ताजुद्दीन अपने होते हुए इन्हीं रास्तों से गुजरते थे, इसलिए इन्हीं मार्ग से दरबारी शाही संदल गुजारते हुए बाबा ताज के प्रति श्रद्धा अर्पित की जाती है. संदल निकलने से पूर्व ट्रस्ट के कार्यालय में कलाम व कव्वाली, मेहमानों की दस्तारबंदी होगी और पवित्र चादर को सिर पर उठाया जाएगा. यहां से धूमधाम के साथ संदल मार्ग पर रवाना होगा। इस संदल में हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर धुमाल-ढोल पार्टी, बैंड, यलगार पार्टी, फकीर मलंग, मटका पार्टी, घोड़े आदि शामिल होंगे.

सोमवार 8 अक्तूबर को सुबह 9 बजे छोटा कुलशरीफ की फातेहा होगी. रात 10 बजे आॅल इंडिया नातिया मुशायरा होगा. बुधवार 10 अक्तूबर को सुबह 10 बजे बड़े कुल शरीफ की फातेहा होगी। विशेष उल्लेखनीय है कि उर्स दौरान 3 से 10 अक्तूबर तक रोजाना नमाजे ईशा यानी रात की नमाज के पश्चात मिलाद शरीफ, वाज और महफिले कव्वाली होगी.

पत्रकार परिषद में ट्रस्ट के कार्यकारी सदस्य अश्विन बेथारिया, अमानुल्ला खान, केयर टेकर शहजादा खान, गुलाम मुस्तफा व गुणवंत कुबड़े प्रमुखता से उपस्थित थे.

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.