Published On : Tue, Dec 20th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की छमाही समीक्षा बैठक और पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

Advertisement

नागपुर: आज दिनांक 19-12-2022 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), नागपुर (कार्यालय-2) की छमाही समीक्षा बैठक एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

बैठक की अध्यक्षता श्री मनोज कुमार, अध्यक्ष, नराकास (का.-2) एवं सीएमडी, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने की। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संजय कुमार, निदेशक (कार्मिक), वेकोलि, श्री संजय कुमार निर्मल, उप कमांडेंट, ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ, श्री शशांक रायजादा, आयुक्त, क्षेत्रीय भविष्य निधि तथा श्री अर्जुना पंडा, निदेशक, परमाणु खनिज अन्वेषण अनुसंधान निदेशालय उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए नराकास (का.-2) के अध्यक्ष एवं सीएमडी डब्ल्यूसीएल श्री मनोज कुमार ने कहा कि हिंदी भाषा देश की अखंडता में अपनी सार्थक भूमिका निभाती है। उन्होंने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार को आवश्यक बताते हुए सभी सदस्य कार्यालयों को अधिक-से-अधिक कार्य राजभाषा हिन्दी में करने और गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के दिशानिर्देशों का अनुपालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने इस दिशा में सूचना प्रौद्योगिकी के व्यापक इस्तेमाल पर बल दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वेकोलि के निदेशक (कार्मिक) डॉ. संजय कुमार ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों का स्वागत करते हुए कहा कि बैठक के मूल सिद्धांतों का निर्वाहन करना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि कम कर्मियों वाले संस्थान जिन्हें स्वयं राजभाषा बैठक करना संभव नहीं है, ऐसे संस्थान एक साथ आकर बैठकें कर सकते हैं। समिति ने तत्काल इस सुझाव को स्वीकार किया।

Advertisement

बैठक में वर्ष 2021 में आयोजित नराकास-2 की प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए सदस्य कार्यालयों को पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन के लिए प्रथम पुरस्कार – प्रादेशिक मौसम केंद्र, द्वितीय – वेस्टर्न कोलफ़ील्ड्स लिमिटेड, तृतीय – परमाणु खनिज अन्वेषण अनुसन्धान निदेशालय, प्रोत्साहन 1 – कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, प्रोत्साहन 2 – मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे एवं प्रोत्साहन 3 – रक्षा लेखा संयुक्त नियंत्रक (वायुसेना) को दिया गया। अतिथियों ने राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सभी विजेता कार्यालयों को बधाई दी साथ ही नराकास-2 की गतिविधियों की सराहना की। इस अवसर पर सदस्य कार्यालयों की गृह-पत्रिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई एवं आम सहमति बनी। इस अवसर पर सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

बैठक में नराकास (का.-2) के सदस्य कार्यालयों / विभागों के प्रमुख सहित सदस्य कार्यालयों के राजभाषा अधिकारी, अनुवाद अधिकारी एवं पुरस्कार विजेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नराकास-2 के सदस्य सचिव एवं उप प्रबंधक (राजभाषा) डॉ. मनोज कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (कार्मिक) एवं राजभाषा प्रमुख श्री पी. नरेन्द्र कुमार ने किया।

ज्ञात हो कि नराकास नागपुर (का.-2) के अंतर्गत नागपुर के सरकारी कार्यालय आते हैं। नराकास इस कार्यालयों की हिंदी राजभाषा के प्रयोग की समीक्षा करता है साथ ही हिंदी भाषा के व्यापक इस्तेमाल हेतु आवश्यक सहायता भी प्रदान करता है। नराकास, हिंदी भाषा के प्रचार एवं प्रसार के लिए नागपुर नगर में निरंतर क्रियाशील रहता है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.