Published On : Tue, Jul 17th, 2018

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी में 6 मंजिला इमारत गिरी

Advertisement

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी में मंगलवार रात निर्माणाधीन 6 मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में कई मजदूर घायल हुए हैं। कई लोगों की मौत की आशंका है, लेकिन अभी तक प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी भी कई लोग दबे हुए हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंच गई हैं।

बता दें कि शाहबेरी की जमीन का अधिग्रहण ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने किया था। इसके विरोध में ग्रामीण कोर्ट पहुंच गए थे। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद शाहबेरी का जमीन अधिग्रहण रद्द कर दिया था। इसके चलते बिल्डरों को अपने प्रॉजेक्ट शिफ्ट करने पड़े। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने इस एरिया में निर्माण कार्य पर रोक लगाई हुई है। इसके बावजूद यहां बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हो रहा है। यहां किसानों से जमीन लेकर कई-कई मंजिला इमारतें बना दी गईं हैं। इन पर फ्लैट बनाकर लोगों को बेचा जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि यह जमीन ग्रेनो के सेक्टर 4 में हैं। साथ ही फ्रॉड के भी कई मामले सामने आ चुके हैं। किसानों ने अभी तक ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का मुआवजा भी वापस नहीं किया है।

बताया जा रहा है कि इसी जमीन पर कॉलोनाइजर ने अवैध बिल्डिंग का निर्माण किया था। इस में सेफ्टी नियमों का ध्यान नहीं रखा गया। घटिया निर्माण सामग्री लगाई गई और मानकों का उल्लंघन किया गया। मंगलवार रात यह बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। उस समय बिल्डिंग में काफी मजदूर मौजूद थे। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मलबे में काफी लोग दबे हुए हैं। इसमें कई लोगों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि अभी प्रशासन ने किसी की मौत की पुष्टि नहीं की है। घायलों को अलग-अलग अस्पताल में पहुंचाया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.