
नागपुर: नागपुर के न्यू मानकापुर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर फ्रेंड्स महिला बहुउद्देशीय सामाजिक संस्था की ओर से भव्य पारंपरिक ‘गोंधल नृत्य’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 13 अक्टूबर 2026 को हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित लगभग 500 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में करवीर सॉल्यूशंस, नागपुर की अध्यक्ष छाया वझलवार, वन विश्व फाउंडेशन की अध्यक्ष जगजीत कौर, प्रभाग 10 की नगरसेविका सरस्वती सलामे तथा शिवशक्ति दुर्गा माता महिला मंडल की कार्यकर्ता एवं नगरसेविका सीमा ढवरे प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
विशेष अतिथियों के रूप में नागपुर साइबर सेल की पुलिस इंस्पेक्टर श्रद्धा ढोमाने और नागपुर सिटी फायर कंट्रोल रूम की यशिका राऊत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
‘डिवाइन डांस फिटनेस’ टीम की आकर्षक प्रस्तुति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘डिवाइन डांस फिटनेस’ की टीम द्वारा प्रस्तुत देवी का पारंपरिक गोंधल नृत्य रहा। कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस प्रस्तुति में आरती गेडाम, बबीता धुर्वे, अनुपमा सावजी, कंचन शाहू, मोनाली धुर्वे, मंजरी धुर्वे, निशा सरोदे, पायल जोकर, प्रिया कोटा, रितू और निविषा ने भाग लिया। नृत्य का निर्देशन एवं कोरियोग्राफी ऐश्वर्या शेट्टी ने की।
पौधे भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम का संचालन संजीवनी चौधरी ने किया। पूरे आयोजन की जिम्मेदारी फ्रेंड्स महिला बहुउद्देशीय सामाजिक संस्था की अध्यक्ष पूजा किरणारकर और उपाध्यक्ष फिरदौस ने संभाली।
नवरात्रि के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को प्रदर्शित करने वाले इस आयोजन में संस्था ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। अतिथियों को सम्मान स्वरूप पौधे भेंट किए गए।
पारंपरिक कला, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सहभागिता के संगम से आयोजित इस कार्यक्रम ने न्यू मानकापुर क्षेत्र में नवरात्रि उत्सव की रौनक बढ़ाई।



