Published On : Thu, Sep 1st, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: घर-घर विराजे विघ्नहर्ता , दर्शन करने उमड़े भक्त

Advertisement

ज्ञान बुद्धि और सौभाग्य के प्रतीक गणेशउत्सव पर्व की धूम

गोंदिया: ज्ञान बुद्धि और सौभाग्य के प्रतिक भगवान श्री गणेश का जन्मोत्सव ( गणेश चतुर्थी पर्व ) गोंदिया जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बुधवार 31 अगस्त को वैदिक मंत्रोच्चार और गणेश वंदना के साथ वातावरण गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने विघ्नहर्ता से सुख समृद्धि की कामना करते हुए अनुष्ठान किया तथा विधि विधान के साथ गणेश पंडालों में विघ्नहर्ता श्री गणेश को विराजमान किया ।

श्रद्धालुओं के घरों व सार्वजनिक पेंडालों में विघ्नहर्ता की स्तुति आगामी 10 दिनों तक हर्षोल्लास से की जाएगी।

मान्यता है कि गणपति को अपने घर में प्रतिष्ठापित करने से सारे कष्ट मिट जाते हैं क्योंकि वे विघ्नों को दूर करने वाले और मंगल करने वाले देव है।

Advertisement

ढोल नगाड़ों और जयकारों के साथ किया गया स्वागत
सुख हर्ता भगवान श्री गणेश के स्वागत की तैयारियां कुमकुम का स्वास्तिक बनाकर तथा लाल- केसरिया और पीले वस्त्र को पूजन स्थल पर बिछाकर की गई।
पेंडालों की सजावट रंगोली, फूल , आम के पत्तों और सजावटी सामग्री से पूर्ण की गई । ढोल ताशे नगाड़ों के बीच गणपति बप्पा मोरिया और एक दो तीन चार गणपति की जय जयकार के जयघोष के साथ श्री गणेश की मूर्तियां स्थापना हेतु मूर्तिकारों के यहां से भक्तों की रैलियां 31 अगस्त बुधवार सुबह से निकलनी शुरू हो गई।

गौरतलब है कि कोरोना कॉल के चलते गत 2 वर्षों से शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों (गाइडलाइन ) का पालन करते हुए विभिन्न प्रतिबंधों के साथ गणेश उत्सव पर्व मनाया गया लेकिन इस बार धूमधाम से यह पर्व मनाया जा रहा है और बाजारों में रौनक सी छाई हुई है।

401 गांवों में ‘ एक गांव- एक गणपति ‘ की संकल्पना
महात्मा गांधी विवाद मुक्त समितियों के सहयोग से जिले के 556 गांव में से 401 गांवों में इस वर्ष एक गांव- एक गणपति की स्थापना की जा रही है।
जिले के 16 में से 14 थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांवों की बात करें तो एक गांव- एक गणपति की संकल्पना के तहत गोंदिया शहर में 2 जगह , गोंदिया ग्रामीण 22 , रावनवाड़ी 31, गंगाझरी 18 , दवनीवाड़ा 9 , आमगांव 29 ,गोरेगांव 31 , सालेकसा 16 , देवरी 34 , चिचगढ़ 46 , डुग्गीपार 41 , नवेगांवबांध 22 , अर्जुनी मोरगांव 39 , केशोरी 22 , इस तरह 14 पुलिस स्टेशनों की सरहदों में कुल 401 गणपति स्थापित किए गए हैं।

गणेशउत्सव: सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग मुस्तैद
गणेशउत्सव के त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में सोहद्र पूर्ण तरीके से संपन्न कराने हेतु जिला पुलिस प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं।
गणेश उत्सव दौरान उपद्रवियों को नियंत्रित करने हेतु आधा दर्जन टीमों का गठन किया गया है जो आवश्यकता पड़ने पर संबंधित स्थानों पर भेजी जाएगी तथा जगह-जगह कड़ी नजर रखेगी।

साथ ही साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक_एक ट्रैकिंग फोर्स , सी-60 कमांडो का दस्ता तथा बम रोधी दस्ता भी रहेगा।
इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में होमगार्ड और पुलिस सुरक्षाकर्मियों को प्रमुख सार्वजनिक पंडालों के बाहर तैनात किया गया है जिन्हें जिला पुलिस अधीक्षक विश्व पानसरे ने मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।

विशेष उल्लेखनीय है कि कलेक्टर की अध्यक्षता में शांतता समिति की बैठक संपन्न हुई जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तथा गणेश उत्सव पर्व को भाईचारे और सौहार्द पूर्ण वातावरण के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.