
गोंदिया। माता-पिता के बाद जिस शिक्षक को समाज में सबसे ऊंचा दर्जा दिया जाता है, उसी ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया। गोंदिया तहसील के ग्राम सावरी स्थित जिला परिषद कन्या शाला में सातवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार, 23 नवंबर को दिवाली की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही गुस्साए अभिभावकों और ग्रामीणों का सब्र टूट पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल के शिक्षक नागोराव कटरे ने दिवाली अवकाश से पहले कक्षा सातवीं की एक मासूम छात्रा के साथ लैंगिक बदसलूकी की थी। छुट्टियों के दौरान जब अन्य छात्राओं ने भी अपने परिजनों को शिक्षक की काली करतूतों के बारे में बताया, तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने दौड़ाकर पीटा, पुलिस ने वैन में बिठाकर बचाई जान
सोमवार सुबह जैसे ही स्कूल खुला, सैकड़ों अभिभावक और ग्रामीण शाला परिसर में आ धमके। भीड़ ने आरोपी शिक्षक को घेर लिया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसकी जमकर धुनाई कर दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत से शिक्षक कटरे को उग्र भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित पुलिस वैन में बिठाकर थाने ले गई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण शिकायत दर्ज कराने थाने भी पहुंचे।
इस मामले में स्कूल स्टाफ , अभिभावक और कक्षा की छात्राओं सहित एक दर्जन से अधिक के बयान दर्ज कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पोक्सो का मामला दर्ज किया गया है।
कहां गया कानून का खौफ ? स्कूल में बच्चियों के सुरक्षा पर उठे सवाल
गौरतलब है कि ग्राम सावरी के इस स्कूल में लड़कों और लड़कियों की इमारतें अलग-अलग हैं, इसके बावजूद बच्चियां सुरक्षित नहीं रहीं। बाल यौन अपराधों पर सुप्रीम कोर्ट और राज्य सरकार के सख्त कानूनों के बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस कांड ने एक बार फिर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रवि आर्य



