Published On : Thu, Jul 17th, 2025
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: कोचिंग संस्थान के फर्जी दावे का हो पक्का इंतजाम अन्यथा NSUI करेगी आंदोलन

NEET रैंक का भ्रामक विज्ञापन दिखाकर गुमराह करने वाले करियर जोन कोचिंग संस्थान पर हो एक्शन , सौंपा ज्ञापन
Advertisement

गोंदिया। NEET UG 2025 की रैंकिंग को लेकर गोंदिया के शिक्षा जगत में विवाद गहराता जा रहा है , NSUI और युवक कांग्रेस ने जिला शिक्षण अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एक निजी कोचिंग संस्थान के भ्रामक प्रचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है।

झूठा दावा , क्या है पूरा मामला… ?

गोंदिया के करियर जोन इंस्टिट्यूट पर यह आरोप है कि उसने NEET 2025 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 82 प्राप्त करने वाली छात्रा मोहित भारती (मध्य प्रदेश ) की उपलब्धि को ‘हर्षिता’ नामक अपनी छात्रा के नाम से जोड़कर प्रचार किया है।
संस्थान ने इस भ्रामक दावे को बड़े-बड़े होर्डिंग्स, बैनर्स, अखबार और सोशल मीडिया पोस्ट्स के ज़रिए फैलाया जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
NSUI कार्यकर्ताओं का कहना है- “यह शैक्षणिक नैतिकता का खुला उल्लंघन है और शिक्षा के व्यवसायीकरण का चिंताजनक उदाहरण है।

Advertisement

उन्होंने बताया जिला शिक्षण अधिकारी ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया है कि वे दो दिनों में नियमानुसार कार्रवाई करेंगे और अगली बैठक हेतु उन्हें पुनः बुलाया गया है।
NSUI प्रतिनिधियों ने इस मसले को लेकर गोंदिया के उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) से भी भेंट कर पुलिस स्तर पर भी कार्रवाई की माँग की है।
नागपुर टुडे से बात करते हुए NSUI कार्यकर्ता सुमित महावत ने कहा -अगर दो दिन के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो NSUI जनहित में आंदोलन करेगी और संस्थान के खिलाफ धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।

कोचिंग संस्थान वसूल रहे मनमानी फीस , फीस नियंत्रण कमेटी का हो गठन

NSUI कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि- गोंदिया जिले में निजी कोचिंग संस्थानों द्वारा भारी भरकम फीस वसूली की जा रही है उनकी माँग है कि एक “फीस नियंत्रण कमेटी” (Fee Regulatory Committee) का गठन किया जाए, जो इन संस्थानों की फीस संरचना पर निगरानी रखे और पारदर्शिता सुनिश्चित करे।
गौरतलब है कि यह मामला अब सिर्फ एक छात्रा या एक कोचिंग संस्थान तक सीमित नहीं रहा।
यह पूरे शैक्षणिक तंत्र की पारदर्शिता, ईमानदारी, और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा एक गंभीर सामाजिक मुद्दा बन गया है।
अब सबकी नज़र प्रशासन पर टिकी है , क्या दिया गया प्रतिवेदन सिर्फ ज्ञापन बनकर रह जाएगा या फिर शिक्षा सुधार की दिशा में कोई निर्णायक और ठोस कदम उठाए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधि मंडल में अमर रंगारी , संजू माने , श्रीकांत चांदोरकर , अंकित जैन , अमर राउत , संदीप रहांगडाले , सुमित महावत , रोहन रंगारी , रवि गौतम , गौरव चन्नेकर , रोहित कावड़े , रवि राउत , संग्राम महावत , जतिन जयसवाल ,ओम महावत , ललित हनवते , दीपक भूते , तुषार सुग्गे , यश खोबरागड़े , पंकज पंचभाई , तरुण लिक्खे , अंश बिरिया , राहुल तोलानी , यश रामटेक सहित अन्य शहर कांग्रेस व NSUI कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.