
गोंदिया: शहर में रेलवे स्टेशन जैसे अति-व्यस्त इलाके में लॉज की आड़ में चल रहे देह व्यापार के काले कारोबार पर गोंदिया पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। गोंदिया शहर थाना क्षेत्र स्थित ‘राधिका लॉज’ में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान लॉज से 4 पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया गया, जबकि जिस्मफरोशी का धंधा संचालित करने वाले 54 वर्षीय लॉज मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लॉज में चल रही थी काली करतूत , सरगना सलाखों के पीछे
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के सीधे निर्देश पर ‘अनैतिक मानव तस्करी निरोधक सेल’ (AHTU) की टीम ने पूरी घेराबंदी कर पंचों के समक्ष ‘राधिका लॉज’ पर दबिश दी। पुलिस के अचानक पहुंचते ही लॉज में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान सामने आया कि लॉज का संचालक जगदीश भामनानी (उम्र 54 वर्ष, निवासी हेमू कॉलोनी चौक, यादव चौक, गोंदिया) यह रेस्क्यू की गई चार महिलाओं से जबरन देह व्यापार करवा रहा था।
तगड़ा एक्शन: BNS और PITA कानून के तहत केस दर्ज
पुलिस ने मौके से चारों पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया और आरोपी जगदीश भामनानी को हिरासत में ले लिया। गोंदिया शहर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2)(3) तथा अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम (PITA) 1956 की धारा 3, 4 और 5 के तहत अपराध क्रमांक 807/2026 दर्ज कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य दलालों और ग्राहकों की तलाश में जुटी है।
खाकी का बड़ा प्रहार: स्पेशल टीम ने लिया कार्रवाई में हिस्सा
इस सफल ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे व अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में नक्सल सेल के पुलिस निरीक्षक प्रमोद भातनाते, AHTU की महिला सहायक पुलिस निरीक्षक मनीषा निकम, सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र मिश्रा, पुलिस हवलदार बलराज लांजेवार, रूपेश सुखदेवे, महिला पुलिस हवलदार शिल्पा बडवाईक, पुलिस सिपाही रवींद्रकुमार मेश्राम, मंजू बागड़े तथा चालक महिला पुलिस सिपाही सुरेखा मेंढे ने अंजाम दिया।
रवि आर्य



