Published On : Thu, Apr 30th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: नशे के ‘सफेदपोश’ सौदागरों पर प्रहार , सुंदरनगर में गांजा फैक्ट्री का भंडाफोड़

​LCB की सर्जिकल स्ट्राइक: पुराने 'खिलाड़ी' गोविंद अग्रवाल का नाम फिर आया सामने , मास्टरमाइंड पर मामला दर्ज तलाश तेज़
Advertisement

​गोंदिया : जिले में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस कप्तान गोरख भामरे की ‘क्लीन स्वीप’ मुहिम ने ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ दी है। बुधवार को स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने शहर के सुंदरनगर इलाके में एक घर के भीतर चल रहे गांजा नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने न सिर्फ माल पकड़ा, बल्कि इस धंधे के मास्टरमाइंड तक पहुंचने वाले तार भी सुलझा लिए हैं।

​खबरी की सटीक टिप और ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन
बुधवार ​29 अप्रैल की दोपहर, जब शहर की सड़कों पर सन्नाटा था, LCB की टीम पेट्रोलिंग पर थी , तभी एक पुख्ता सूचना मिली कि सुंदरनगर के एक मकान से नशे की पुड़ियां बांटी जा रही हैं। पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के नेतृत्व में टीम ने बिना वक्त गंवाए इमरान मुस्ताक शेख (30) के घर पर दबिश दी।

​पुलिस के अंदर घुसते ही हॉल में रखी एक प्लास्टिक थैली ने सारा राज़ उगल दिया। थैली में 2 किलो 70 ग्राम अच्छी क्वालिटी का गीला गांजा (पत्ते, फूल और बीज मिश्रित ) बरामद हुआ जिसकी कीमत 40,140 रुपए है साथ ही आरोपी के पास से गांजा बिक्री से प्राप्त 20, 900 रूपए नगद रकम , गांजा तस्करी कारोबार में उपयोग किया जा रहा काले रंग का मोबाइल ( कीमत 15 हजार ) इस तरह 76 हजार 40 रुपए का माल बरामद किया गया।लेकिन पूछताछ में आरोपी इमरान ने जो नाम लिया वह पुलिस के लिए नया नहीं था।

पुराना ‘ खिलाड़ी ‘ और कार ड्राइवर का कनेक्शन
इमरान ने खुलासा किया कि वह गांजा गोविंद अग्रवाल ( निवासी- बसंत नगर गोंदिया ) से खरीदा था और उक्त गांजा गोविंद अग्रवाल ने अपने कार चालक के माध्यम से उपलब्ध कराया था।बता दें कि गोविंद अग्रवाल पहले भी दर्जनों बार पुलिस के शिकंजे में आ चुका है और वह इस नशे के काले कारोबार का मंझा हुआ पुराना पापी है , हर बार पुलिस कार्रवाई के बावजूद वह जेल से छुटते ही अपने पुराने धंधे पर लग जाता है।

Advertisement

नशे का सौदागर धराया , मास्टरमाइंड की तलाश तेज
बहरहाल इस प्रकरण में आरोपी इमरान मुस्ताक शेख ( 30 निवासी- सुंदर नगर , श्रीनगर गोंदिया ) गोविंद अग्रवाल (निवासी- बसंत नगर) तथा उसके कार ड्राइवर के खिलाफ गोंदिया शहर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है।
पुलिस नशे के नेटवर्क के मास्टरमाइंड गोविंद अग्रवाल की तलाश में जुटी है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के नेतृत्व में की गई ।
इस धरपकड़ कार्रवाई में उप निरीक्षक वनिता सायकर , सहायक फौजदार राजेंद्र मिश्रा , हेड कांस्टेबल महेश मैहर , सुबोध बिसेन , इंद्रजीत बिसेन , प्रकाश गायधने , छगन विठ्ले , इंदुरकर , पाटिल तथा राम खंदारे ने हिस्सा लिया।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.