Published On : Thu, Feb 2nd, 2023
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा , गिरोह का पर्दाफाश

जन्नत बुक ऑनलाइन ऐप के जरिए सट्टेबाजी का खुलासा , 4 बुकी गिरफ्तार , मास्टरमाइंड फरार
Advertisement

गोंदिया: क्रिकेट पर सट्टा लगाना कोई नई बात नहीं लेकिन अब दांव लगाने के तरीके बदल गए हैं , अब क्रिकेट पर सट्टा खिलाने वाले बुक्की ऑनलाइन एप का उपयोग कर रहे हैं तथा वेबसाइट और ऐप के जरिए मैचों पर दांव लगाए जा रहे है।

बता दें कि भारत में तेजी से खेल बेटिंग एप्स का प्रचलन बढ़ रहा है लिहाज़ा सट्टा लगाने के शौकीन मोबाइल फोन के जरिए घर- दुकान से लेकर चलते फिरते दांव लगा रहे हैं।

रामनगर पुलिस ने ‘ जन्नत बुक ऐप ‘ के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए 4 सटोरियों को 31 जनवरी के रात शहर के कुड़वा इलाके से धर दबोचा जबकि इस सट्टेबाजी के धंधे का मास्टरमाइंड और बड़ा बुकी फरार है।

गौरतलब है कि गोंदिया के कई सभ्य घरानों के युवा क्रिकेट सट्टे के दलदल में धंस रहे हैं और इन युवाओं को सट्टा लगाना भी ऐप के जरिए बुक्कियों द्वारा सिखाया जा रहा है।

Advertisement

मकान बाहर से बंद , भीतर चल रहा था जुए का अड्डा

31 जनवरी मंगलवार की शाम रामनगर पुलिस को इस बात की गुप्त जानकारी मिली कि शहर के कुड़वा इलाके के ऑफिसर कॉलोनी यहां एक बाहर से बंद मकान के भीतर ऑनलाइन क्रिकेट पर सट्टेबाजी का अड्डा चल रहा है।

थाना प्रभारी संदेश केंजले के नेतृत्व में पुलिस टीम पंच गवाह के साथ मौके पर पहुंची तो मकान पर बाहर से ताला बंद दिखा, ऊपरी मंजिल पर दरवाजा बजाकर जब पुलिस ने ललकारा तो भीतर छिपे एक युवक ने दरवाजा खोला जिस पर पुलिस फुर्ती से भीतर दाखिल हुई तो देखा तीन युवक , 3 लैपटॉप पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे थे पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद 4 सट्टेबाजों को धर दबोचा।

घर की तलाशी लेने पर 3 लैपटॉप , चार्जर , 7 मोबाइल , वाई फाई रूटर के द्वारा जन्नत बुक ऐप की मदद से ऑनलाइन सट्टेबाजी के सबूत मिले।

मौके से पकड़े गए गोंदिया के कुड़वा निवासी आरोपी लोकेश (31, वार्ड क्रमांक 3 कुड़वा) के पास से 20000 रुपए , आरोपी शुभम (22 , निवासी- एमआईटी कॉलेज निकट, वार्ड क्रमांक 2 कुड़वा) के पास से 17000 रुपए तथा भूपेंद्र (24 , नंदेश्वरी पारा , वार्ड क्रमांक 2 डोंगरगढ़ जिला राजनंदगांव) के पास से 20, 000 रूपए और आरोपी अभिनव ( 21 निवासी-आजाद वार्ड गोलबाजार डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव) के पास से 15000 रुपए साथ ही पुलिस ने 3 लैपटॉप कीमत 60,000 रुपए , 7 मोबाइल सहित इस तरह कुल 3 लाख 24 हजार 300 रूपए का सामान हस्तगत कर पुलिस आरोपियों को थाने ले आई तथा ‘ किसके लिए काम करते हो ?’ इस शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए 4 सट्टेबाजों ने पुलिस को जानकारी देते बताया- नितीश (32 निवासी- बोथली तहसील आमगांव जिला गोंदिया) के लिए काम करते हैं।

रामनगर पुलिस ने फरार मास्टरमाइंड सट्टेबाज नीतीश सहित कुल 5 आरोपियों के खिलाफ धारा 4 ,5 महाराष्ट्र जुगार कायदा सह कलम 109 भादवी के तहत जुर्म पंजीबद्ध किया है। पुलिस की मानें तो मैच के समय के दौरान अपने निवेश को बढ़ाने के लिए जीत पर अधिकतम राशि लगाने हेतु यह सट्टेबाज अपने फंटरों को प्रेरित कर रहे थे ।

जन्नत बुक ऐप के जरिए पैसे की आसान निकासी का दावा करते हुए ये सट्टेबाज विभिन्न प्रकार के जुआ खिलवा रहे थे।
बहरहाल पुलिस आरोपियों के पास से बरामद लैपटॉप और मोबाइलों को खंगाल रही है , पुलिस की मानें तो और भी कई राज बेपर्दा होंगे।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.