गोंदिया। रोजमर्रा के काम में जिस पुराने लोहे के ड्रम को मामूली कबाड़ समझकर काटा जा रहा था, उसके भीतर छिपी अदृश्य गैस ‘मौत का बारूद’ बनकर फट पड़ी। गोंदिया के छोटा गोंदिया स्थित शिवनगर इलाके में एक वेल्डिंग वर्कशॉप में हुए भीषण विस्फोट में 36 वर्षीय संचालक योगेश कुवंरलाल रहांगडाले की दर्दनाक मौत हो गई। वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई इस घटना का वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है, जिसमें पलक झपकते ही एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया।
कटर की धार टकराते ही आग का गोला बना ड्रम
शिवनगर निवासी योगेश रहांगडाले 25 नवंबर बुधवार शाम अपनी वर्कशॉप में कटर मशीन से एक बंद लोहे के ड्रम का ऊपरी हिस्सा काट रहे थे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि ड्रम के भीतर ज्वलनशील गैस या किसी घातक केमिकल के अवशेष जमा हैं। जैसे ही कटर की तेज धार लोहे से टकराई, उससे निकली एक चिंगारी ने भीतर भरी गैस को चिंगारी दिखा दी। कानफोड़ू धमाके के साथ ड्रम फट पड़ा और योगेश सीधे विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
धमाके से दहला इलाका, अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
विस्फोट की गूंज इतनी तेज थी कि पूरे शिवनगर क्षेत्र में दहशत फैल गई और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने लहूलुहान हालत में योगेश को तत्काल शहर के यूनाइटेड हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए केटीएस (KTS) जिला सामान्य अस्पताल भेज दिया है। युवा व्यवसायी की असमय मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा है।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि धमाका इतना अचानक था कि योगेश को संभलने का एक सेकंड भी नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि ड्रम में कौन-सा ज्वलनशील पदार्थ रखा गया था और वह वर्कशॉप तक कैसे पहुंचा।
एक्सपर्ट अलर्ट: ड्रमों को बिना धुलाई काटना , बारूद के ढेर पर बैठने जैसा
औद्योगिक सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, केमिकल, ऑयल या पेंट के खाली ड्रमों को बिना पूरी तरह धुलाई और गैस-मुक्त (डि-गैसिंग) किए सीधे गैस कटर या ग्राइंडर से काटना बेहद जानलेवा है। बंद ड्रम में जमा वाष्प जरा-सी गर्मी या चिंगारी पाते ही विस्फोटक रूप ले लेती है।
रवि आर्य



