Published On : Tue, Nov 15th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: फुटपाथ के तंबू में मिला हथियारों का बड़ा जखीरा

Advertisement

बड़ी साजिश नाकाम , हथियारों का सप्लायर गिरफ्तार

गोंदिया। किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के मकसद से गोंदिया में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार लाए गए हैं इस बात की पुख्ता जानकारी मुखबिर से मिलने के बाद स्थानिक अपराध शाखा पुलिस टीम ने शहर में रामनगर थाना अंतर्गत आने वाले रेलटोली ( छोटी चौपाटी ) के निर्मल स्कूल निकट फुटपाथ पर बने तंबू में एक हथियार का सौदा करने 14 नवंबर सोमवार की शाम फंटर को भेजा और तंबू में बैठे शख्स ने जैसे ही मोलभाव कर सौदा पक्का किया वैसे ही पुलिसकर्मी ने कुछ दूरी पर खड़ी लोकल क्राइम ब्रांच टीम को इशारा कर दिया , इशारा मिलते ही पुलिस टीम ने तंबू को घेर लिया तथा 15 तलवारें , 7 स्टील गुप्ती और 7 चाकू – खंजर बरामद करते हुए इन अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल पंजाब निवासी शख्स को भागने का मौका दिए बगैर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपी चमकोर सिंग ( निवासी- क्लेजर उत्तर, पोस्ट बिटोवा , जिला तामतरन – पंजाब ) के खिलाफ आर्म एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है ।

7 नवंबर को ट्रेन से हथियारों का जखीरा लेकर गोंदिया आया था

Advertisement

महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित जिले में धारदार हथियारों के बरामद होने की यह कोई पहली घटना नहीं है इसके पूर्व भी बड़ी मात्रा में तलवारें और घातक हथियार बरामद होते रहे हैं।आगामी नगर परिषद ओर नगर पंचायत चुनावों के चलते इससे अब अनहोनी की आशंका बढ़ गई है।

पुलिस की मानें तो पकड़ा गया शख्स हथियारों का सप्लायर है जो इसी 7 नवंबर को ट्रेन से गोंदिया आया था तथा निर्मल स्कूल के निकट फुटपाथ को इसने अपना ठिकाना बनाया और तंबू लगाकर अपने साथ लाए हथियारों की सौदेबाजी में जुट गया इसी दौरान गुप्तचर ने पुलिस को गोंदिया में बड़े पैमाने पर आए इन अवैध हथियारों के संदर्भ में जानकारी दे दी तथा पुलिस ने वक्त रहते एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए हथियारों के साथ सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया।

अब पकड़े गए शख्स से इस बारे में पूछताछ की जा रही है कि उसने अब तक कितने हथियार, कहां-कहां और किस-किस को बेचे हैं ? लिहाज़ा इस प्रकरण में और भी कुछ गिरफ़्तारियां हो सकती है ?

बरामद 15 तलवारों की कीमत 15,000 , 7 स्टील गुप्ती की कीमत 3100 ओर 7 खंजर- चाकू की कीमत 3500 इस तरह अवैध हथियारों की कुल कीमत 21 हजार 600 रूपए बतायी जा रही है ।

बहरहाल लोकल क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस निरीक्षक फरियादी विजय शिंदे के शिकायत पर आरोपी चमकोर सिंग के खिलाफ भारतीय हथियार कायदा (आर्म एक्ट ) की धारा 4 /25 , सह कलम 135 , महाराष्ट्र पुलिस कायदा 37 (1) (3 ) का जुर्म दर्ज कर लिया गया है तथा प्रकरण की जांच में पुलिस जुटी है।

उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले के मार्गदर्शन तथा पुलिस निरीक्षक बबन आव्हाड़ के नेतृत्व में एलसीबी पुलिस टीम द्वारा की गई।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.